12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मई-जून की चिलचिलाती गर्मी में भी गार्डन रहेगा हरा-भरा, बस फॉलो करें ये 5 वॉटरिंग हैक्स

Summer Plant Care in Hindi: अगर आप तेज धूप में भी अपने घर में लगे पेड़ पौधों को हरा भरा रखना चाहते हैं, तो आप यहां दिए गए हैक्स और टिप्स को फॉलो कर के रख सकते हैं।

3 min read
Google source verification
Summer Gardening Tips

Summer Gardening Tips | image credit gemini

Summer Gardening Tips Hindi: चिलचिलाती गर्मी ने इंसानों के साथ-साथ जानवरों और पेड़-पौधों का भी बुरा हाल कर दिया है। ऐसे में अगर गमले या गार्डन में लगे पौधों का सही से ख्याल न रखा जाए, तो वे मुर्झाकर सूख सकते हैं। अगर आप चाहते हैं कि शरीर जलाने वाली इस तेज गर्मी में भी आपका गार्डन हरा-भरा रहे, तो आप यहां बताए गए पानी डालने के 5 आसान हैक्स (Hacks) को फॉलो कर सकते हैं। साथ ही, अगर आप गर्मियों की छुट्टियों में घर से बाहर कहीं घूमने जा रहे हैं, तो भी ये तरीके आपके पौधों को सूखने से बचाने में मददगार साबित होंगे। आइए जानते हैं इनके बारे में विस्तार से।


कंकड़ ट्रे (Pebble Tray)


यह हैक उन इनडोर पौधों के लिए सबसे अच्छा है जिन्हें बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती। इसके इस्तेमाल से पौधों के आसपास नमी (Humidity) बनी रहती है। इसके लिए बस एक छोटी प्लास्टिक की ट्रे लें और उसमें छोटे-छोटे पत्थर भर दें। अब ट्रे में पानी भरें और गमले को पत्थरों के ऊपर रख दें। यह पानी धीरे-धीरे वाष्पित होकर हवा में नमी छोड़ता है, जिससे जड़ें सड़े बिना पौधों को जरूरी नमी मिलती रहती है।


बोतल प्लांटर (Self-Watering Bottle Planter)


छोटे पौधों को बिना बार-बार पानी डाले हरा-भरा रखने का यह एक शानदार तरीका है। इसके लिए कोल्ड ड्रिंक की एक बड़ी बोतल लें और उसे बीच से दो हिस्सों में काट दें। अब बोतल के ऊपर वाले हिस्से (ढक्कन वाले हिस्से) के कैप में 3-4 पतले छेद करें। इस हिस्से को उल्टा करके इसमें मिट्टी भरें और अपना पौधा लगा दें। बोतल के दूसरे (नीचे वाले) हिस्से में पानी भरें और पहले हिस्से को इसके ऊपर फिट कर दें। इससे पौधा अपनी जरूरत के हिसाब से नमी सोखता रहेगा। बस समय-समय पर नीचे का पानी बदलते रहें।


प्लास्टिक बोतल से सिंचाई (Drip Irrigation with Plastic Bottle)


अगर आप लंबे समय के लिए बाहर जा रहे हैं, तो एक प्लास्टिक की बोतल लें और उसके निचले हिस्से व किनारों पर कील गर्म करके 5-6 मध्यम आकार के छेद कर दें। बोतल में पानी भरने से पहले पौधे में सामान्य तरीके से पानी डाल दें ताकि मिट्टी पहले से गीली रहे और वह बोतल का सारा पानी तुरंत न सोख ले। अब इस छेद वाली बोतल को मिट्टी में इस तरह गाड़ें कि पानी धीरे-धीरे बूंद-बूंद करके जड़ों तक पहुंचता रहे। इससे मिट्टी लंबे समय तक नम बनी रहेगी।


पानी सोखने वाला हैक (Wicking System with Ropes)


अगर आपको अचानक कहीं बाहर जाना पड़ रहा है, तो यह विकिंग सिस्टम सबसे कारगर है। इसके लिए एक बड़े बर्तन में पानी भरकर उसे अपने पौधों के बीच में रख दें। अब सूती रस्सी के टुकड़े लें, रस्सी का एक सिरा पानी वाले बर्तन में गहराई तक डालें और दूसरा सिरा गमले की मिट्टी (पौधे के जड़ों के पास) में दबा दें। इस तरह बर्तन से पानी धीरे-धीरे रस्सी के जरिए पौधों तक पहुंचता रहेगा। ध्यान दें, जाने से पहले एक बार पौधों में अच्छी तरह पानी जरूर डाल दें।


सूती बोरे का इस्तेमाल (Using Cotton Gunny Bags)


तेज सीधी धूप की वजह से अगर आपके पौधे सूख रहे हैं, तो पौधों में पानी डालने के बाद एक सूती बोरे को पानी में अच्छी तरह भिगो लें और इसे गमले या पौधे के चारों ओर बिछा दें। इससे धूप सीधे मिट्टी और जड़ों पर नहीं पड़ेगी, जिससे नमी लंबे समय तक बनी रहेगी और पौधों के सूखने का खतरा काफी कम हो जाएगा।


इन बातों का भी रखें खास ख्याल (Essential Plant Care Tips)

  • पानी देने से पहले हमेशा मिट्टी में उंगली डालकर नमी चेक कर लें। पौधों में न तो बहुत ज्यादा पानी डालें और न ही बहुत कम, हमेशा उनकी जरूरत के हिसाब से ही सिंचाई करें।
  • पानी देने का सबसे अच्छा समय सुबह-सुबह है। इस समय तापमान कम होने से वाष्पीकरण (Evaporation) कम होता है और पौधे बेहतर तरीके से पानी सोख पाते हैं।
  • पत्तियों पर पानी छिड़कने के बजाय सीधे जड़ों में पानी डालें। गर्मी के मौसम में गीली पत्तियों पर फफूंद (Fungus) लगने का डर रहता है।
  • घर से बाहर जाने से पहले मिट्टी के ऊपर सूखे पत्तों या घास की एक परत बिछा दें। इसे मल्चिंग कहते हैं, जो नमी को भाप बनकर उड़ने से रोकती है।
  • सामान्य पानी के अलावा आप घर में सब्जियां या फल धोने के बाद बचे हुए पानी का उपयोग भी अपने गार्डन में कर सकते हैं, यह पौधों के लिए फायदेमंद होता है।