
File Photo of Sanjay Singh
लखनऊ. आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी तथा राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीते दिनों आरोप लगाया था कि उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मिशन में घोटाला हुआ है जिसके बाद यूपी के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह से आप सांसद के आरोपों को खारिज कर दिया था। इसके बाद शनिवार को आप सासंद ने दोबारा आरोप लगाते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि इस बाबत पीएम, सीएम, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और सीबीआई निदेशक को चिट्ठी भेजी है।
सीबीआई जांच के लिए लिखी चिट्ठी : संजय
सांसद संजय सिंह ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायती पत्र के जरिए योगी सरकार में प्रदेश में जल जीवन मिशन के नाम पर 30 से 35 हजार करोड़ के भ्रष्टाचार की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री योगी से लेकर सीबीआई के निदेशक को भेजी है।
सरकारी घन की बंदरबांट : संजय सिंह
आप सांसद ने आरोप लगाते हुए आगे कहा कि इसमें बताया है कि हर घर में स्वच्छ जल पहुंचाने की एक लाख 20 हजार करोड़ की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार के जल संसाधन मंत्री डॉक्टर महेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता आलोक कुमार ने मिलजुलकर कर सरकारी धन की बंदरबांट करने की साजिश रची और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी दागी कंपनी रश्मि मेटलिक्स को तमाम नियमों को दरकिनार करते हुए ठेका दिया।
आरोपों से घिरी कंपनी को दिया ठेका: आप सांसद
सांसद ने आरोप लगाया कि कई इंपैनल्ड ख्याति प्राप्त कंपनियों के बावजूद आरोपों से घिरी रश्मि मेटलिक्स से पाइपलाइन लेने के लिए पत्र लिखा गया। संजय सिंह ने एसडीएम झांसी की रिपोर्ट सहित कई साक्ष्य पेश करते हुए इस घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की है।
Published on:
14 Aug 2021 08:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
