
आजमगढ़ लोस उपचुनाव में अखिलेश यादव ने अपने भाई को चुनावी मैदान में उतारा
आजमगढ़ लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आखिरकार समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार तय कर दिया है। आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर धर्मेंद्र यादव लड़ेंगे। संभावना है कि, धर्मेंद्र यादव आज नामांकन करेंगे। उधर रामपुर से सपा नेता आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा का टिकट पक्का हो गया है। हालांकि सपा की ओर से फिलहाल इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। आजमगढ़ लोकसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई हैं। इस वक्त भाजपा और सपा पार्टी के लिए आजमगढ़ और रामपुर का चुनाव नाक का सवाल हो गया है। आजमगढ़ लोस सीट अखिलेश यादव और रामपुर लोस सीट आजम खान के यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में जीत दर्ज करने के बाद से रिक्त है।
सपा उम्मीदवारों के नाम का आज होगा खुलासा
आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में कभी पूर्व राज्यसभा सांसद बलिहारी बाबू के पुत्र सुशील कुमार आनंद का नाम चर्चा में आता तो कभी पूर्व सांसद और वर्तमान विधायक रमाकांत यादव का नाम। पर मंथन चलता रहा और आखिरकार दोनों सीट के नाम तय कर दिए गए हैं। और आज सबकुछ साफ हो जाएगा। क्योंकि आज नामांकन की आखिरी तारीख है।
26 जून उपचुनाव का रिजल्ट
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश की रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए अधिसूचना 30 मई को जारी की थी। नामांकन दाखिल करने की आज आखिरी तारीख है। इन दोनों सीटों पर 23 जून को मतदान होगा। 26 जून उपचुनाव का रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।
आजमगढ़ सपा की खास लोस सीट
एक ढंग से आजमगढ़ संसदीय सीट सपा की ही सीट मानी जाती है। मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव भी इस सीट से सांसद रह चुके हैं। तो इस तरह से यह सीट सपा के लिए खास है। सपा इस सीट को किसी भी कीमत पर खोना नहीं चाहती है। इसलिए इस सीट पर किसी जीताउ उम्मीदवार को ही मैदान में उतारना चाहती है। सपा-बसपा के उदय के बाद यह सीट सपा और बसपा की झोली में ही झूलती रही है। रमाकांत यादव सपा के टिकट पर इस सीट से सांसद बन चुके हैं। उनके अलावा किसी क्षेत्रीय नेता को इस सीट पर जीत नहीं मिली है।
उपचुनाव में कड़ा है मुकाबला
तो उपचुनाव में अब ऐसी स्थिति बन रही है कि, रामपुर में तंजीम फातिमा को चुनौती देंगे भाजपा के पूर्व विधान परिषद सदस्य घनश्याम लोधी। बसपा ने यहां से कोई उम्मीदवार नहीं घोषित किया है। आजमगढ़ उपचुनाव में जबरदस्त लड़ाई होगी। बसपा ने मुस्लिम-दलित वोटों को ध्यान में रखते हुए आजमगढ़ से शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को मैदान में उतारा है। तो भाजपा ने लोकप्रिय भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ को मैदान में उतारकर दांव चला है।
Published on:
06 Jun 2022 10:59 am
