
देर रात तक चला प्रदर्शन, हाईवे जाम करने निकले छात्र; पुलिस और प्रशासन ने संभाला मामला (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)
BBD Hostel Food Issue Student Protest: राजधानी Lucknow स्थित BBD University एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इस बार मामला हॉस्टल मेस में दिए जा रहे खराब खाने को लेकर सामने आया है। भोजन की गुणवत्ता से नाराज छात्रों ने देर रात यूनिवर्सिटी परिसर में जमकर हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि मेस में लगातार खराब और अस्वच्छ भोजन परोसा जा रहा था, जिसकी शिकायत कई बार करने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब शिकायत करने पहुंचे छात्रों और हॉस्टल प्रबंधन के बीच कथित विवाद हो गया। छात्रों ने वार्डन और ब्लॉक हेड पर अभद्रता और मारपीट तक के आरोप लगाए। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार मामला यूनिवर्सिटी के CMD ब्लॉक हॉस्टल से जुड़ा है। यहां रहने वाले बीटेक और बीसीए के छात्रों ने आरोप लगाया कि कई दिनों से मेस में बेहद खराब गुणवत्ता का भोजन दिया जा रहा था। छात्रों का कहना है कि खाने में स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा जा रहा था और कई बार भोजन में बदबू आने जैसी शिकायतें भी सामने आईं। इससे छात्रों में लगातार नाराजगी बढ़ रही थी। एक छात्र राहुल ने कहा कि हम फीस और हॉस्टल चार्ज पूरा देते हैं, लेकिन खाने की गुणवत्ता बेहद खराब है। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।”
छात्रों के मुताबिक जब उन्होंने मेस और हॉस्टल प्रबंधन से शिकायत की तो उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी गई। आरोप है कि शिकायत के दौरान वार्डन और ब्लॉक हेड शुभम प्रताप सिंह से छात्रों की कहासुनी हो गई।
कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया और देर रात हॉस्टल परिसर में भारी संख्या में छात्र इकट्ठा हो गए।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने साफ कहा कि वे अब खराब खाना नहीं खाएंगे और बाहर से भोजन मंगाएंगे। छात्रों का कहना था कि हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों के पास मेस पर निर्भर रहने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता, लेकिन जब भोजन ही खराब मिलेगा तो स्वास्थ्य पर असर पड़ना तय है। कई छात्रों ने आरोप लगाया कि भोजन की गुणवत्ता लंबे समय से खराब है, लेकिन हर बार शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया जाता है।
रात बढ़ने के साथ प्रदर्शन और उग्र हो गया। नाराज छात्र हॉस्टल परिसर से निकलकर लखनऊ-अयोध्या हाईवे की ओर बढ़ने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ छात्रों ने हाईवे जाम करने की कोशिश भी की। हालांकि समय रहते पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन मौके पर पहुंच गया और छात्रों को समझाने का प्रयास शुरू किया गया। हाईवे की ओर छात्रों के बढ़ने से इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई।
यूनिवर्सिटी परिसर में देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही। छात्र नारेबाजी करते रहे और प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते रहे। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों से बातचीत की। अधिकारियों ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कराई जाएगी और भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। करीब आधी रात के बाद प्रशासन द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
मामले को लेकर BBD Police Station के इंस्पेक्टर ने बताया कि फिलहाल पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि “छात्रों और प्रशासन के बीच विवाद की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया गया। अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
BBD यूनिवर्सिटी पहले भी विभिन्न विवादों को लेकर चर्चा में रह चुकी है। ऐसे में एक बार फिर छात्रों का प्रदर्शन और हॉस्टल व्यवस्था को लेकर उठे सवाल यूनिवर्सिटी प्रशासन के लिए चुनौती बन गए हैं। शिक्षा सूत्रों का कहना है कि निजी विश्वविद्यालयों में छात्रों से भारी फीस ली जाती है, ऐसे में उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्थान की जिम्मेदारी है। हॉस्टल और मेस जैसी मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही छात्रों के स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति दोनों पर असर डाल सकती है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कई मांगें प्रशासन के सामने रखीं-
छात्रों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा बड़ा आंदोलन कर सकते हैं।
घटना के बाद कई अभिभावकों ने भी चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित माहौल के लिए हॉस्टल में भेजते हैं, लेकिन यदि भोजन और व्यवहार जैसी बुनियादी समस्याएं सामने आएंगी तो चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। कुछ अभिभावकों ने प्रशासन से हॉस्टल व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की मांग की है।
छात्रों के प्रदर्शन के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। कई यूजर्स यूनिवर्सिटी प्रशासन की आलोचना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग छात्रों की समस्याओं को जायज बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर “Hostel Food”, “BBD University Protest” और “Lucknow Students Protest” जैसे विषय चर्चा में बने हुए हैं।
Published on:
16 May 2026 11:28 am
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
