2 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

2019 से पहले सोशल मीडिया बनेगा अखाड़ा, जंग के लिए साइबर योद्धा तैयार कर रही भाजपा

लोकसभा चुनाव 2019 की जंग में भाजपा को सबसे अधिक भरोसा अपने साइबर योद्धाओं पर है।

3 min read
Google source verification
bjp it cell

2019 से पहले सोशल मीडिया बनेगा अखाड़ा, जंग के लिए साइबर योद्धा तैयार कर रही भाजपा

लखनऊ. लोकसभा चुनाव 2019 की जंग में भाजपा को सबसे अधिक भरोसा अपने साइबर योद्धाओं पर है। सूचना तकनीकि के बढ़ते दायरे, युवाओं की राजनीति में बढ़ती दिलचस्पी और छोटी-बड़ी सूचनाओं को जनता में त्वरित ढंग पहुंचाने की सोशल मीडिया की ताकत को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में साइबर स्पेस में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने के मकसद से पार्टी संगठन और सरकार दोनों ही स्तर पर मोर्चा तैयार किया है। सरकारी स्तर पर सोशल मीडिया हब जहां सरकार की हर गतिविधि को पलक झपकते ही जनता के बीच पहुंचाने का काम करेगा तो दूसरी ओर पार्टी स्तर पर बनाया गया आईटी सेल विपक्षी दलों के संदेशों का आक्रामक ढंग से काउंटर करने के साथ ही नए युवाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी ओर जोड़ने का काम करेगा।

सरकार का सोशल मीडिया हब

उत्तर प्रदेश सरकार ने एक साल से अधिक का कार्यकाल पूरा कर लेने के बाद सोशल मीडिया हब की शुरुआत की है। यह सोशल मीडिया हब फेसबुक, ट्विटर, वाट्सप, इंस्टाग्राम जैसे सोशल माध्यमों पर सक्रियता के साथ उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र की मोदी सरकार की उत्तर प्रदेश से जुड़ी उपलब्धियों को लगातार जनता के बीच ले जाने का काम करेगा। दरअसल गोरखपुर और फूलपुर के बाद कैराना और नूरपुर में उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी के जिम्मेदार नेताओं की राय यह बनी है कि उन्होंने एक वर्ष में काम तो बहुत किया लेकिन जनता तक वे अपने कामों को पहुंचा नहीं पाए हैं। इसलिए अपने कामकाज का ब्यौरा युद्ध स्तर पर लोगों के बीच ले जाने के मकसद से सरकार ने लोकभवन में सोशल मीडिया हब का संचालन शुरू किया है, जिसमें अनुभवी सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स की नियुक्ति की गई है।

पार्टी का आईटी सेल तैयार करेगा एक्सपर्ट

एक ओर जहां सरकार अपनी योजनाओं को जनता के बीच ले जाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रियता बढ़ा रही है तो दूसरी ओर पार्टी स्तर पर भी सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाने के लिए भाजपा का आईटी सेल सक्रिय हो गया है। पार्टी ने पूरे उत्तर प्रदेश में दो लाख से अधिक युवाओं को अपने साथ जोड़कर उन्हें सोशल मीडिया पर चलने वाले अभियान में हिस्सा बनाने का निर्णय लिया है। पार्टी इस बात की रणनीति तैयार करने में जुटी है कि उसकी साइबर सेना का सदस्य बूथ लेवल तक सक्रिय हो। बूथ स्तर तक सोशल मीडिया की टीम तैयार की जा रही है। पार्टी स्कूलों, कालेजों के विद्यार्थियों के बीच अपनी पैठ बढाने के लिए भी सोशल मीडिया का सहारा लेगी। पार्टी ने दस जुलाई तक मंडल और जिला स्तर तक आईटी सेल के गठन की प्रक्रिया को पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा है। आईटी सेल की सक्रियता बढाने के मकसद से कार्यकर्ताओं को लगातार प्रशिक्षण भी दिये जा रहे हैं। इन कार्यकर्ताओं को जहां पार्टी और सरकार की उपलब्धियों को फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है तो दूसरी ओर विपक्षी दलों के प्रचार अभियान का तत्काल काउंटर करने की भी जिम्मेदारी रहेगी।

विपक्षी भी हो रहे सोशल मीडिया पर सक्रिय

सोशल मीडिया पर भाजपा इसलिए भी सक्रिय होती दिखाई दे रही है क्योंकि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने जिस तरह से पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, वह भाजपा के लिए कई बार परेशान का भी कारण बनती दिखी। ऐसी पार्टियां जो कभी अत्याधुनिक प्रचार साधनों की बजाय परंपरागत तौर तरीकों से प्रचार अभियानों को अधिक महत्व देती थीं, उन्होंने भी साइबर स्पेस पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करानी शुरु कर दी है। भारतीय जनता पार्टी जानती है कि हर हाथ में मोबाइल ने एक ऐसी क्रांति को हवा दी है, जहां कोई भी पार्टी युवाओं तक आसानी से अपना संदेश भेज सकती है और अपना पैठ जमा सकती है। ऐसे में अगर इस प्लेटफार्ट पर उसने मजबूत किलेबंदी नहीं की तो 2019 की जंग बेहद मुश्किल हो जायेगी।