
सांसद चंद्रशेखर आजाद | फोटो सोर्स- IANS
Chandrashekhar Azad Ravan News: देश की सियासत में अपनी अलग पहचान बना चुके नगीना के सांसद और आजाद समाज पार्टी (आसपा) के मुखिया चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अभी से बड़ा दांव खेल दिया है। मेरठ पहुंचे चंद्रशेखर ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि अगर 2027 में उनकी सरकार बनती है, तो उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से शराबबंदी लागू की जाएगी। इतना ही नहीं, उन्होंने एक बहुत ही अनोखा आइडिया देते हुए कहा कि बंद होने वाले दारू के ठेकों की जगह लाइब्रेरी खोली जाएगी।
चंद्रशेखर आजाद ने चुनावी शंखनाद करते हुए साफ किया कि समाज को बदलने के लिए युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब शराब बंद होगी, तो शराब की दुकानों को खाली नहीं छोड़ा जाएगा। उन सभी दुकानों की जगह पर लाइब्रेरी पुस्तकालय खोली जाएंगी।
इस रैली में चंद्रशेखर का फोकस सिर्फ शराबबंदी पर ही नहीं था, बल्कि उन्होंने जनता के लिए ओर भी कई बड़ी घोषणाएं की है।
चंद्रशेखर ने वादा किया कि अगर उनकी सरकार सत्ता में आती है, तो उत्तर प्रदेश के किसानों को उनकी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी दी जाएगी। गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को राहत देते हुए उन्होंने ऐलान किया कि राज्य में 12वीं क्लास तक के सभी बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी।
अक्सर पुलिस के जवानों को दिन-रात लगातार काम करना पड़ता है। इस पर बात करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि उनकी सरकार आने पर पुलिसवालों की ड्यूटी का समय तय किया जाएगा। किसी भी पुलिसकर्मी से 8 घंटे से ज्यादा काम नहीं लिया जाएगा, ताकि वे भी आराम कर सकें, अपने परिवार को भी समय दे सकें और तनावमुक्त रह सकें।
नगीना के सांसद चंद्रशेखर पूरे यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर 'सत्ता परिवर्तन यात्रा' निकालने जा रहे हैं। इस यात्रा में वे सीधे आम जनता से मिलेंगे, उनकी बातें सुनेंगे और उनके मुद्दों को उठाएंगे। उन्हें पूरा भरोसा है कि जनता के साथ और समर्थन से आजाद समाज पार्टी को बड़ी कामयाबी मिलेगी और वो यूपी की सत्ता में आएगी।
Published on:
06 Jun 2026 02:24 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
