
अक्षय तृतीया से पहले बाजार में चांदी ₹99,000 के पार, सोना भी ₹98,900 तक पहुंचा; चीन की बढ़ती डिमांड और शादी-ब्याह के सीजन ने दी नई रफ्तार
Akshaya Tritiya Gold Rate: अक्षय तृतीया से पहले देशभर के सर्राफा बाजारों में सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। लखनऊ सर्राफा संघ के अनुसार 24 कैरेट सोना ₹98,900 प्रति 10 ग्राम, जबकि 22 कैरेट सोना ₹95,200 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच चुका है। वहीं चांदी ₹99,000 प्रति किलो की रफ्तार पकड़ चुकी है। इस तेजी के पीछे न सिर्फ घरेलू मांग है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी काफी हलचल है। चीन के इंश्योरेंस सेक्टर और सेंट्रल बैंक द्वारा सोने की खरीदारी, भारतीय गोल्ड ETF में निवेश, और अब शुरू हो चुके शादी के मौसम ने बाजार में गर्मी ला दी है।
विनोद माहेश्वरी, यूपी कन्वीनर (CAIT) का कहना है: “अक्षय तृतीया में निवेश का ऐतिहासिक महत्व है। फिलहाल बाजार में तेजी का रुख बना हुआ है। ₹6000 से ₹8000 तक का करेक्शन आ सकता है लेकिन लॉन्ग टर्म में सोना एक मजबूत संपत्ति बना रहेगा। लोग जल्दबाजी में न बेचें, बल्कि समझदारी से निवेश करें।”
चांदी की कीमतों में भी भारी उछाल आया है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि अगले 6 महीनों में यह ₹1,25,000 प्रति किलो तक जा सकती है। औद्योगिक मांग और इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर में सिल्वर की ज़रूरत ने इसमें नई जान फूंकी है।
Updated on:
19 Apr 2025 08:50 am
Published on:
19 Apr 2025 08:50 am
