
चांदी 3 लाख के पार, सोना ₹1,49,000 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँचा (फोटो सोर्स : WhatsApp News Group)
Gold and Silver Prices: सर्राफा बाजार में इन दिनों जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। सोने और चांदी की कीमतों ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए नई ऊँचाइयों को छू लिया है। हालिया दरों के अनुसार चांदी पहली बार ₹3 लाख प्रति किलो के पार पहुँच गई है, जबकि सोना भी ₹1,49,000 प्रति 10 ग्राम के ऐतिहासिक स्तर पर कारोबार कर रहा है। इस अप्रत्याशित तेजी ने निवेशकों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
सर्राफा कारोबार से जुड़े जानकारों के अनुसार, यह तेजी अब तक की सबसे बड़ी तेजी मानी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, डॉलर में उतार-चढ़ाव, महंगाई की आशंकाएं और सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ता झुकाव इस उछाल के प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही घरेलू मांग और शादी-विवाह के सीजन की आहट ने भी कीमतों को सहारा दिया है।
चांदी की कीमतों में सबसे ज्यादा उछाल देखने को मिला है। आभूषण और निवेश दोनों ही श्रेणियों में चांदी की मांग तेज़ी से बढ़ी है। लखनऊ सर्राफा एसोसिएशन द्वारा जारी ताज़ा दरों के अनुसार, चांदी (ज्वेलरी ग्रेड) की कीमत ₹3,03,100 प्रति किलो तक पहुँच चुकी है। यह स्तर सर्राफा इतिहास में एक नया कीर्तिमान माना जा रहा है।
सोने की बात करें तो इसमें भी लगातार मजबूती बनी हुई है। 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत ₹1,49,100 प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। वहीं, 22 कैरेट सोना ₹1,37,500 प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना ₹1,13,600 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुँच गया है। ये सभी दरें खुदरा ग्राहकों के लिए हैं, जिनमें जीएसटी, मेकिंग चार्ज और हॉलमार्क शुल्क अतिरिक्त रूप से लागू होंगे।
LKO RATE UPDATE – SARAFA ASSOCIATION के तहत जारी ताज़ा सूची के अनुसार, खुदरा ग्राहकों के लिए बिक्री दरें इस प्रकार रहीं:
सोना (10 ग्राम):
चांदी (ज्वेलरी):
इस ऐतिहासिक तेजी के चलते निवेशकों का रुझान एक बार फिर सोने और चांदी की ओर बढ़ा है। शेयर बाजार में अस्थिरता और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच कीमती धातुएँ सुरक्षित निवेश का विकल्प बनकर उभरी हैं। जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में भी इनकी मांग बनी रह सकती है।
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन (CAT) के संयोजक विनोद महेश्वरी ने मौजूदा हालात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सोने और चांदी में आई यह तेजी ऐतिहासिक है, लेकिन निवेशकों को भावनाओं में बहकर जल्दबाजी में निर्णय नहीं लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सोना और चांदी दोनों ही दीर्घकालिक निवेश के लिए अच्छे विकल्प हैं, लेकिन मौजूदा ऊंचे स्तरों को देखते हुए निवेश से पहले किसी अनुभवी वित्तीय सलाहकार से राय अवश्य लेनी चाहिए।”
तेजी का असर आम ग्राहकों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। शादी-विवाह और पारंपरिक आयोजनों के लिए आभूषण खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या में फिलहाल कुछ कमी आई है। कई ग्राहक कीमतें स्थिर होने का इंतज़ार कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग सीमित बजट में हल्के आभूषणों की ओर रुख कर रहे हैं।
सर्राफा व्यापारियों का कहना है कि कीमतें ऊँची होने के बावजूद बाजार में पूरी तरह से सन्नाटा नहीं है। निवेश उद्देश्य से खरीदारी जारी है, खासकर चांदी में। कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कीमतों में स्थिरता आने के बाद खुदरा मांग में भी सुधार देखने को मिलेगा। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियाँ इसी तरह बनी रहती हैं तो सोने और चांदी की कीमतों में आगे भी उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। हालांकि, इतनी तेज़ बढ़त के बाद मुनाफावसूली की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
Updated on:
20 Jan 2026 09:11 am
Published on:
20 Jan 2026 09:11 am
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
