
मौसम विभाग की भविष्यवाणी, 47 डिग्री के पार जाएगा पारा, 28 मई से इन शहरों में होगी बारिश, मिलेगी राहत, देखें लिस्ट
लखनऊ. अभी तक जहां उत्तर प्रदेश में आंधी-पानी के चलते मौसम सुहाना बना हुआ था, लेकिन अब प्रचंड गर्मी ने अपना तांडव दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार यानी 24 मई को इस सीजन का अबतक का सबसे गर्म दिन रहा। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने सताया, तो रात में उमस ने लोगों का बुरा हाल कर दिया। रविवार को दिन का पारा 3.5 डिग्री की बढ़त के साथ 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबकि रात का तापमान भी 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट तो कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक यूपी में लू का प्रकोप शुरू हो गया है। पारा 47 डिग्री के पार भी जाने की संभावना है। मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक 28 मई से प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
रविवार को यूपी के इन जिलों का तापमान
- प्रयागराज सबसे गर्म- 46.3 डिग्री सेल्सियस
- आगरा अधिकतम तापमान- 46 डिग्री सेल्सियस
- कानपुर, वाराणसी, झांसी, बांदा और अलीगढ़- 45 डिग्री सेल्सियस
- लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर- 43 डिग्री सेल्सियस
नौपता से नौ दिन तक रहेगी गर्मी
राजधानी लखनऊ में तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से दोपहर में सड़कें खाली दिखीं। सोमवार से नौतपा शुरू हो रहे हैं। माना जाता है कि नौ दिन तक धरती तपती रहेगी। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के मुताबिक अगले 24 घंटो में गर्मी और बढ़ेगी। आज यानी सोमवार को आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
28 मई से बारिश
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 28 मई से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के कई में बादलों की आवाजाही रहेगी। साथ ही कहीं-कहीं गरज और चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। जेपी गुप्ता के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ विकसित हो रहा है। दक्षिण-पूर्वी हवा भी चलने के आसार हैं। ऐसे में 28 मई से मौसम में उठापटक शुरू हो सकती है और प्रदेश के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ेंगी। ऐसे में पश्चिमी विक्षोभ से मामूली राहत तो मिलेगी, लेकिन गर्मी के तेवर अभी कम होते दिखाई नहीं पड़ रहे हैं।
बारिश से इन जिलों में मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक 28 मई से प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पीलीभीत, लखीमपुर, शाहजहांपुर, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, कासगंज, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी, लखनऊ, कानपुर, बहराइच और इटावा समेत आसपास के जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में बारिश के बाद गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
Published on:
25 May 2020 10:32 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
