
डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य (फोटो: पत्रिका)
Samajwadi Party PDA Yatra: उत्तर प्रदेश में साल 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की PDA यात्रा को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव और सपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अगर समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है तो अपराध और गुंडागर्दी फिर लौटेगी। उन्होंने कहा कि जेल में बंद लोगों को रिहा किया जाएगा और भ्रष्टाचार के मामलों का सामना कर रहे लोगों को मंत्री पद दिए जाएंगे। मौर्य ने अखिलेश यादव के UPI से जुड़े बयान पर भी हमला बोला और 2027 में बीजेपी की तीसरी बार सरकार बनने का दावा किया।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि PDA यात्रा को लेकर कहा कि सपा के रथ का संदेश यही है कि अगर पार्टी सत्ता में आई तो प्रदेश में गुंडागर्दी लौटेगी और अपराधियों को फिर से मौका मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में बंद लोगों को रिहा किया जाएगा। मौर्य ने यहां तक कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों का सामना कर रहे लोगों को मंत्री पद दिए जाएंगे और आतंकवाद से जुड़े मामलों को भी वापस लेने की बात कही जाएगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहे जितने रथ निकाल ले, उनका संदेश यही रहेगा। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि साल 2027 तो दूर, 2047 तक भी सपा सत्ता में नहीं आएगी।
डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव के UPI से जुड़े बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश इन दिनों AI की मदद से कई ऐसे बयान दे रहे हैं, जो उन्हें नहीं देने चाहिए। इसके साथ ही मौर्य ने साल 2027 में बीजेपी की लगातार तीसरी सरकार बनने का दावा किया और कहा कि सपा को सैफई भेज दिया जाएगा।
सपा की PDA यात्रा को 2027 के चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी का PDA फॉर्मूला पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को जोड़ने पर केंद्रित है। अखिलेश यादव की प्रस्तावित यात्रा अक्टूबर से शुरू होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि तारीख और रूट अभी पूरी तरह तय नहीं बताए गए हैं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सारोगी ने भी सपा की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए काम कर रही है और प्रदेश में काफी विकास हुआ है। उन्होंने जाति और धर्म पर आधारित नारों को लेकर सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय इस तरह के मुद्दे उठाए जाते हैं, लेकिन इसका असर जनता पर कितना होता है, यह जनता ही तय करती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार है और आगे भी एनडीए समर्थित बीजेपी सरकार बनने की बात कही।
Updated on:
18 Sept 2026 11:57 am
Published on:
18 Sept 2026 11:57 am
