
लखनऊ में दो शव मिलने से सनसनी
Lucknow Crime News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवक और युवती, जो रिश्ते में ममेरे-फुफेरे भाई-बहन थे, कथित तौर पर एक साथ फंदे पर लटक गए। दोनों पिछले तीन साल से एक-दूसरे से प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय अनिकेत उर्फ रानू मूल रूप से शाहजहांपुर का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ लखनऊ के तेलीबाग स्थित न्यू बलदेव विहार कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था। वहीं 18 वर्षीय अंजलि उसकी रिश्ते में फुफेरी बहन थी। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब तीन साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे और शादी करना चाहते थे।
जानकारी के मुताबिक, 23 जुलाई को अनिकेत घर से अहमदाबाद जाने की बात कहकर निकला, लेकिन वह नोएडा पहुंचा और वहां से अंजलि को अपने साथ ले गया। इसके बाद दोनों अयोध्या पहुंचे। परिजनों ने काफी तलाश के बाद दोनों का पता लगाया और उन्हें अपने साथ ले जाने लगे।
परिजन दोनों को समझाने के लिए इटावा ले जा रहे थे। इसी दौरान कानपुर रेलवे स्टेशन पर दोनों मौका देखकर ट्रेन से उतर गए और वहां से निकल गए। जब परिजन इटावा पहुंचे तो उन्हें दोनों के गायब होने का पता चला। इसके बाद वे तुरंत वापस लखनऊ लौटे।
शनिवार देर रात जब परिवार तेलीबाग स्थित मकान पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। अनिकेत और अंजलि एक ही पंखे से अलग-अलग दुपट्टों के सहारे लटके मिले। सूचना मिलते ही पीजीआई थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि करीब सात साल पहले अनिकेत की बहन ने अंजलि के भाई से प्रेम विवाह किया था। उस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच रिश्ते सामान्य नहीं रहे। बताया जा रहा है कि इसी वजह से इस बार भी परिवार इस रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों पर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।
Updated on:
27 Jul 2026 09:49 am
Published on:
27 Jul 2026 09:49 am
