
पत्नी की हत्या कर गोमती नदी में फेंका शव (X Photo Rajan Yadav)
Uttar Pradesh Crime News: पति के मोबाइल में दूसरी औरत की फोटो और अश्लील चैट देखकर अंजलि (26) ने सिर्फ अपना घर बचाना चाहा था। लेकिन वही सच उसकी जान का दुश्मन बन गया। लखनऊ के रहीमाबाद में उमेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी प्रेमिका, मां और दोस्तों के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और लाश को गोमती नदी में फेंक दिया।
रहीमाबाद के सहिजना गांव का उमेंद्र प्रताप सिंह शुक्रवार पूरे दिन अपनी गुमशुदा पत्नी अंजलि को खोजने का ढोंग करता रहा। वह ससुराल वालों के साथ पुलिस के चक्कर काट रहा था, रोने की एक्टिंग कर रहा था। इस दौरान अंजलि के भाई पुष्पेंद्र की नजर उमेंद्र की गर्दन और हाथों पर पड़ी, तो वहां नाखूनों खरोंचें थीं। जब उसने पूछा कि यह चोट कैसी है? तो उमेंद्र हड़बड़ा गया, बातें बदलने लगा। उसकी इसी हड़बड़ाहट ने मायके वालों के शक को यकीन में बदल दिया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी पति ने हत्या की बात कबूल कर ली।
हत्या की नींव करीब एक महीने पहले पड़ी थी, जब अंजलि ने उमेंद्र के मोबाइल में उसकी प्रेमिका की तस्वीरें और चैट पकड़ ली थीं। अंजलि ने वे सबूत अपने फोन में सेव कर परिवार के सामने उमेंद्र की करतूत उजागर कर दी। इस बात से बौखलाए उमेंद्र ने अंजलि को इतना पीटा कि उसका सिर तक फूट गया। इसके बाद उसने अपनी राह का रोड़ा बनी पत्नी को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की ठान ली। गुरुवार रात उमेंद्र ने अपनी मां, प्रेमिका और दोस्तों के साथ मिलकर अंजलि को घेर लिया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान अंजलि ने खुद को बचाने के लिए कड़ा संघर्ष किया, जिससे उमेंद्र के जिस्म पर उसके नाखूनों के खरोंच आ गए।
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने अंजलि के शव को स्विफ्ट डिजायर कार में लादा और इटौंजा के पास गोमती नदी के पुल से नीचे फेंक दिया। इसके बाद बेखौफ उमेंद्र ने थाने जाकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई और ससुराल वालों को सांत्वना देने लगा। शुक्रवार को जब इटौंजा में गोमती नदी से अंजलि का शव तैरता हुआ मिला और शिनाख्त हुई, तब भाई की नजर उमेंद्र के निशानों पर पड़ गई। पुलिस ने जब मायके वालों की शिकायत पर उमेंद्र को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। रहीमाबाद पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार बरामद कर आरोपी पति उमेंद्र, उसकी मां और प्रेमिका समेत पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
खबर अपडेट हो रही है।
Updated on:
02 Aug 2026 09:49 am
Published on:
02 Aug 2026 09:27 am
