
पप्पू यादव के खिलाफ विश्व हिंदू रक्षा परिषद का प्रदर्शन (फोटो- पत्रिका)
Lucknow News: संसद में राम मंदिर के दान को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव द्वारा राम मंदिर चंदे को लेकर किए गए प्रतीकात्मक प्रदर्शन पर लखनऊ के गोमती नगर में विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने सांसद के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने पप्पू यादव कोसिर कलम करने की चेतावनी तक दे दी है। वहीं इस पूरे मामले को तूल पकड़ता देख पप्पू यादव ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई पेश की है।
लखनऊ के गोमती नगर स्थित विश्व हिंदू रक्षा परिषद कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उन पर सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। हालात को काबू में करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली।
प्रदर्शन के दौरान विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने पप्पू यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद में सनातन धर्म के अनुयायी होने का जो ढोंग रचा गया वह बेहद शर्मनाक है। राय ने कहा कि पप्पू यादव ने हिंदू समाज और संतों के खिलाफ घोर अपराध किया है। संतों और सनातन धर्म के अनुयायियों ने ही उन्हें चुनाव जितवाया था लेकिन अब वे भविष्य में चुनाव नहीं जीत पाएंगे। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर पप्पू यादव में हिम्मत है तो एक बार पैगंबर मुहम्मद के विरुद्ध कुछ बोल कर देखें शाम तक उनका सिर धड़ से अलग हो जाएगा।
लखनऊ में बढ़ते विरोध और अपने खिलाफ दर्ज हो रही शिकायतों के बीच निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। इस वीडियो में वह पूरी तरह से हिंदू आस्था में रंगे नजर आ रहे हैं। उन्होंने भगवा वस्त्र पहने हैं सिर पर पगड़ी और माथे पर भस्म तथा तिलक लगा रखा है। गले में रुद्राक्ष की कई मालाएं धारण किए हुए पप्पू यादव रुद्राक्ष पर जल अर्पित कर हिंदू अनुष्ठान करते दिख रहे हैं। इस वीडियो के जरिए उन्होंने हिंदू धार्मिक रीति-रिवाजों के प्रति अपना सम्मान जाहिर किया है।
वीडियो के साथ अपने संदेश में पप्पू यादव ने लिखा है कि वह धर्म के खिलाफ नहीं हैं बल्कि धर्म के नाम पर हो रही लूट के खिलाफ हैं। उन्हें भगवा रंग हिंदू धर्म सनातन और साधु संतों से कोई आपत्ति नहीं है और वह सभी का पूरा सम्मान करते हैं। उन्होंने साफ किया कि उनका विरोध केवल उन चंदा चोरों के खिलाफ है जो आस्था की आड़ में जनता की भावनाओं का शोषण कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 31 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के दौरान इंडिया गठबंधन के कुछ सांसदों ने राम मंदिर के दान में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में पप्पू यादव पुजारी के वेश में नजर आए थे। इस दौरान दान पेटी और चढ़ावे को लेकर एक प्रतीकात्मक दृश्य दिखाया गया था, जिसे भाजपा और कई हिंदू संगठनों ने सनातन धर्म का अपमान बताया।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव समेत कई विपक्षी नेता भी मौजूद थे। इसके बाद पप्पू यादव, राहुल गांधी और अन्य नेताओं के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत भी दर्ज कराई गई।
Updated on:
01 Aug 2026 03:51 pm
Published on:
01 Aug 2026 03:51 pm
