12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

30 करोड़ रुपये से ज्‍यादा की 15 प्रॉपर्टी; पूर्व ARTO ‘धनकुबेर’ ललित कुमार के घर से मिले दस्‍तावेज, पढ़िए केस अपडेट

Lalit Kumar House Lucknow: लखनऊ में रिटायर्ड एआरटीओ ललित कुमार के घर से बरामद 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, 1.62 करोड़ रुपये नकद और संपत्ति के दस्तावेजों को कड़ी सुरक्षा के बीच ट्रेजरी के स्ट्रॉन्ग रूम में जमा कराया गया है। मामले में विजिलेंस आय से अधिक संपत्ति की जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Harshul Mehra

Jul 12, 2026

lucknow retired arto lalit kumar house vigilance raid gold cash property documents treasury

पूर्व ARTO 'धनकुबेर' ललित कुमार के घर से मिले दस्‍तावेज। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Lalit Kumar House: लखनऊ के अलीगंज स्थित चंद्रलोक कॉलोनी में रहने वाले रिटायर्ड ARTO ललित कुमार के घर से बरामद सोना, चांदी, नकदी और अन्य दस्तावेजों को कड़ी सुरक्षा के बीच कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार के स्ट्रॉन्ग रूम में जमा करा दिया गया है। विजिलेंस की कार्रवाई के बाद कोषागार की सुरक्षा व्यवस्था भी और सख्त कर दी गई है। परिसर की 24 घंटे CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है और अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किया गया है।

छापेमारी में मिला था भारी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी

2 दिन पहले विजिलेंस टीम ने रिटायर्ड ARTO ललित कुमार के आवास पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान टीम को 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, 1.62 करोड़ रुपये नकद और 15 से ज्यादा संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले थे। बरामद सभी कीमती सामान और दस्तावेज अब सरकारी सुरक्षा में ट्रेजरी के स्ट्रॉन्ग रूम में रख दिए गए हैं।

पूछताछ में नहीं दे सके संतोषजनक जवाब

सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान ललित कुमार अधिकारियों को लगातार गुमराह करने की कोशिश करते रहे। घर से मिले सोना-चांदी को उन्होंने ससुराल से मिला उपहार बताया। हालांकि, जब अधिकारियों ने बैंक लेनदेन और संपत्तियों की खरीद से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड के बारे में सवाल किए तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।

आय से 35 गुना ज्यादा संपत्ति होने की जांच

जांच एजेंसियों के अनुसार, ललित कुमार और उनके परिवार के नाम पर खरीदी गई अधिकांश संपत्तियों का मूल्य उनकी ज्ञात आय से करीब 35 गुना अधिक पाया गया है। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि सेवाकाल के दौरान जिन-जिन जिलों में उनकी तैनाती रही, वहां उनके खिलाफ किसी प्रकार की शिकायत दर्ज हुई थी या नहीं।

15 संपत्तियों की बाजार कीमत 30 करोड़ रुपये से ज्यादा

विजिलेंस को छापेमारी के दौरान जिन 15 संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं, उनकी मौजूदा बाजार कीमत 30 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन संपत्तियों को लगभग 13 करोड़ रुपये में खरीदा गया था।

लॉकर, तिजोरियां और निवेश के भी मिले सबूत

छापे के दौरान घर से कई लॉकर और ज्वैलर्स द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली तिजोरियां भी बरामद हुईं। इनमें नकदी, सोने-चांदी के बिस्किट और आभूषण रखे हुए थे। इसके अलावा 2 कार, एक रिवॉल्वर और विभिन्न बैंकों, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड तथा फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।

3 साल पहले भी हुई थी कार्रवाई, अब विभाग में बढ़ी हलचल

सूत्रों के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस ने करीब 3 साल पहले भी ललित कुमार के खिलाफ कार्रवाई की थी, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सका। ताजा छापेमारी के बाद परिवहन विभाग में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों का दावा है कि विभाग के कई अधिकारी अपनी कथित बेनामी संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन को लेकर सतर्क हो गए हैं।