22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

SP Student Protest: लखनऊ के हजरतगंज में सपा छात्र सभा का हंगामा, महंगाई विरोधी प्रदर्शन में पुलिस से झड़प

sp student wing protest lucknow: लखनऊ के हजरतगंज में सपा छात्र सभा कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल और खाद्य पदार्थों की कीमतों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प भी हुई।

3 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Ritesh Singh

May 22, 2026

हजरतगंज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन, पुलिस से झड़प के बाद कार्यकर्ता हिरासत में (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)

हजरतगंज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन, पुलिस से झड़प के बाद कार्यकर्ता हिरासत में (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)

Student Protest: राजधानी लखनऊ में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और खाद्य पदार्थों की कीमतों के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) की छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शहर के प्रमुख हजरतगंज चौराहे पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की। इस दौरान माहौल काफी गरमाया रहा और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

हजरतगंज चौराहे पर लगा नारों का शोर

सपा छात्र सभा के कार्यकर्ता सुबह से ही समूहों में हजरतगंज चौराहे पर जुटने लगे थे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए बढ़ती महंगाई को लेकर नाराजगी जताई।

छात्रों का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम आदमी का जीवन कठिन होता जा रहा है।

पोस्टर और बैनरों से सरकार पर निशाना

प्रदर्शन के दौरान छात्रों के हाथों में कई तरह के पोस्टर और बैनर दिखाई दिए, जिन पर सरकार की नीतियों पर तीखा हमला किया गया था। एक बैनर पर लिखा था,जनता को एक टाइम का खाना खाने को बोल रहे, पीएम मेलोनी को मेलोडी खिला रहे। वहीं दूसरे पोस्टर पर लिखा था,पेट्रोल-गैस के बढ़ते दाम, सरकार पूरी तरह नाकाम। इन नारों और पोस्टरों के जरिए प्रदर्शनकारियों ने महंगाई और आर्थिक समस्याओं को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास किया।

 महंगाई को लेकर जताया आक्रोश

सपा छात्र सभा के नेताओं ने कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं दिखाई दे रही। छात्रों ने आरोप लगाया कि रोजगार, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। रसोई गैस आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है। खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार उछाल है। छात्र और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। 

भारी पुलिस बल रहा तैनात

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से ही सतर्क दिखाई दिया। हजरतगंज चौराहे और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की और सड़क जाम न करने की अपील की। हालांकि छात्र कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे।

पुलिस और छात्रों के बीच झड़प

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए सख्ती दिखाई और प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर भेजा गया इको गार्डन

स्थिति को नियंत्रित करने के बाद पुलिस ने कई छात्र कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहनों और बसों में भरकर इको गार्डन भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया।

 सपा नेताओं ने सरकार को घेरा

समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस प्रदर्शन को जनता की आवाज बताते हुए सरकार पर हमला बोला। नेताओं का कहना था कि महंगाई ने आम जनता का जीवन मुश्किल कर दिया है और सरकार केवल बड़े-बड़े कार्यक्रमों और प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता सरकार को इसका जवाब देगी। सूत्रों  का मानना है कि महंगाई का असर सीधे आम लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है। रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें महंगी होने से मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।