
टोक्यो ओलंपिक 2021 : पीलीभीत के सिमरनजीत ने बनाई भारतीय हॉकी टीम की जीत की राह आसान
लखनऊ. Tokyo Olympics 2021 जापान में टोक्यो ओलंपिक 2021 में गुरुवार को भारतीय हॉकी टीम और जर्मनी हॉकी टीम के बीच कांस्य पदक (bronze medal) के लिए हुए जबरदस्त मुकाबले में यूपी के पीलीभीत के सिमरनजीत सिंह ( Simranjeet Singh ) ने भारत की जीत की कठिन डगर को अपने शानदार खेल से आसान बना दिया। सिमरनजीत सिंह ने पहले एक गोल दगा फिर दूसरा और उसके बाद एक बढ़िया पेनाल्टी कार्नर बनाकर अपने साथियों को सौंप दिया और यह विजयी गोल में तब्दील हो गया। भारतीय हॉकी टीम ने जर्मनी हॉकी टीम को 5-4 से हराकर 41 साल बाद ओलंपिक में कांस्य पदक जीता है।
सिमरनजीत ने जुझारू खेल से जीता सबका दिल :- मास्को ओलंपिक 1980 में भारतीय हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। उसके बाद से हाकी टीम लगातार प्रयास कर रही थी पर टोक्यो ओलंपिक में जाकर हाकी खिलाड़ियों और भारतीय जनता के चेहरे पर मुस्कान आई। इसके पीछे भारतीय हाकी खिलाड़ियों समेत उत्तर प्रदेश के सिमरनजीत सिंह का बड़ा हाथ है। पीलीभीत जिले के रहने वाले अपने सिमरनजीत ने जुझारू खेल से सबका दिल जीत लिया।
सिमरनजीत ने दो गोल मारे :- मैच शुरू होते ही जर्मनी हॉकी टीम ने बढ़त बना ली थी। ओलंपिक में अपने खोए गौरव को पाने के लिए भारतीय टीम के लिए यह मैच सबकुछ था। सिमरनजीत सिंह ने 17वें मिनट और 34वें मिनट गोल किया और एक पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील करने में मदद की। जब स्कोर 5—4 हो गया तो जर्मनी को मैच के अंतिम हॉफ में एक पेनाल्टी शूट मिला जिसे वह गोल में नहीं बदल सका। और उसके बाद भारतीय खिलाड़ियों संग पूरा देश जीत की खुशियां मनाने को एक संग उछल गया।
देशवासियों की दुआओं का कमाल : पिता
पीलीभीत में सिमरनजीत के परिजन बल्लियों उछल पड़े। पंजाब में सिमरनजीत के ताऊ रक्षपाल सिंह, पहले कोच रंजीत सिंह, आस्ट्रेलिया भाई अर्शदीप हर किसी ने जीत की खुशी में भांगड़ा किया। सिमरनजीत के बेजोड़ प्रदर्शन पर पिता इकबाल सिंह ने कहाकि, देशवासियों की दुआओं का कमाल है कि भारतीय टीम ने पूरे आयोजन में केवल दो मैच हारे बाकी टीम अद्वितीय खेल की वजह से विजयी रही।
सोशल मीडिया पर छाई सिमरनजीत की खेल भावना :- इसके अलावा सिमरनजीत सिंह अचानक सोशल मीडिया पर छा गए है। उनकी एक फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। अपने खेल से भारतीय मेंस हॉकी टीम को जीत दिलाने वाले सिमरनजीत सिंह ने अपनी खेल-भावना से भी करोड़ों खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया है। मैच खत्म होने के बाद जर्मनी के खिलाड़ी निराश दिखे और मैदान पर ही सिर पर हाथ रखकर बैठे नजर आए। सिमरनजीत ने जीत का जश्न तो मनाया, लेकिन इस दौरान जर्मनी के खिलाड़ी को सांत्वना देते भी नजर आए।
Published on:
05 Aug 2021 01:07 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
