
प्रेम संबंधों से नाराज पिता ने रिश्तेदारों संग रची हत्या की साजिश, जीआरपी चारबाग ने किया सनसनीखेज खुलासा (Source: Police Media Cell)
Lucknow Train Murder Case: जीआरपी चारबाग पुलिस ने ट्रेन में बैग और बक्से में युवती का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मृतका के पिता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती के प्रेम संबंधों से नाराज पिता ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान शब्बा के रूप में हुई है। आरोपी पिता उसकी शादी प्रेमी से कराने के खिलाफ था।
जानकारी के मुताबिक 17 मई 2026 को चारबाग रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने में मामला दर्ज किया गया था। ट्रेन संख्या 15114 गोमतीनगर एक्सप्रेस के कोच एस-1 में एक बैग और बक्से से अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। ट्रेन के भीतर शव मिलने की सूचना से रेलवे और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
मामले के खुलासे के लिए रोहित मिश्रा के निर्देशन में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रथम अमित कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जांच शुरू की। जांच के दौरान ट्रेन और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। साथ ही सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ली गई।
पुलिस जांच में ट्रेन से उतरते तीन संदिग्धों की तस्वीरें सामने आईं। इनकी पहचान के आधार पर पुलिस टीम तमकुही रोड पहुंची और वहां से मिले सुरागों के आधार पर ग्राम पिपरा मुस्तकील अगरवां थाना सेवरही जनपद कुशीनगर में दबिश दी गई। पुलिस ने वहां से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विग्गन अंसारी पुत्र मजिस्टर अंसारी, मोजिबुल्ला अंसारी, नूरजहां पत्नी मोजिबुल्ला अंसारी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतका शब्बा का किसी युवक से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहती थी। आरोपी पिता विग्गन अंसारी इस रिश्ते के खिलाफ था। परिवार के विरोध के बावजूद शब्बा लगातार अपने प्रेमी से बातचीत कर रही थी, जिससे पिता नाराज था। इसी नाराजगी में आरोपी ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की साजिश बनाई।
पुलिस के अनुसार 16 मई की रात आरोपियों ने घर में ही वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि विग्गन अंसारी ने अपने बहनोई मोजिबुल्ला और बहन नूरजहां के साथ मिलकर धारदार हथियार से शब्बा की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने शव को बैग और बक्से में भर दिया और उसे गोमतीनगर एक्सप्रेस के कोच एस-1 में रखकर फरार हो गए। ट्रेन में लावारिस हालत में बैग और बक्सा मिलने के बाद जब जांच की गई तो पूरा मामला सामने आया। इस सनसनीखेज घटना ने रेलवे यात्रियों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो धारदार बांके भी बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों के अनुसार मामले में सभी जरूरी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक पिता द्वारा अपनी ही बेटी की हत्या करना बेहद दर्दनाक और अमानवीय घटना है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर आक्रोश जाहिर कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
संबंधित विषय:
Updated on:
21 May 2026 04:49 pm
Published on:
21 May 2026 03:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
