
Weather News Updates
यूपी के मौसम में लगातार बदलाव आ रहा है। मौसम विभाग का अलर्ट है कि, अगले 24 घंटों में मौसम में एक बार फिर तेजी से बदलाव होने वाला है। 4,5, 6 फरवरी को उत्तराखंड में बर्फबारी होगी। जिसका असर मैदानी इलाकों में पड़ेगा। उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जिलों में ओलावृष्टि संभव है। 4,5, 6 फरवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में काफी बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट होगी। जिसके बाद ठंड बढ़ जाएगी। राजधानी लखनऊ में शीतलहर की वजह से भीषण ठंड जारी है। गुरुवार को हुई जबरदस्त बारिश की वजह से गलन बनी हुई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी यह बदलाव रुकने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में बारिश के साथ ठंड जारी रहेगी। वहीं उत्तराखंड में बारिश के बीच पहाड़ों की रानी मसूरी में खूब बर्फबारी हुई।
इटावा में सबसे कम तापमान
मौसम विभाग का अपडेट है कि, शुक्रवार को भी प्रदेशभर के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा हल्का व मध्यम कोहरा भी पड़ सकता है। गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में सबसे कम तापमान इटावा में 5.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। और सबसे अधिक तापमान झांसी में 28.9 डिग्री सेल्सियस और चुर्क में 27.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
यूपी के लिए मौसम अलर्ट
मौसम विभाग निदेशक जेपी गुप्ता ने चेताया है कि, पश्चिमी यूपी में शुक्रवार को गरज और चमक के साथ बारिश होगी। साथ ही पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बूंदाबांदी के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हल्का कोहरा भी सुबह के समय देखा जा सकता है। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी पर न्यूनतम तापमान बढ़ेगा। दिन के समय मौसम में गलन के साथ ठिठुरन रहेगी।
तेज हवा संग बारिश और ओलावृष्टि हुई
यूपी में गुरुवार को मौसम अचानक बदल गया। सुबह से तेज हवा चल रही थी जिस वजह से सर्दी बढ़ गई। यूपी के कई जिलों में बूंदाबांदी के साथ ओले भी गिरे। ओले गिरने से फूल वाली फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसमें सरसों, आलू, चना, मसूर की फसल शामिल है। जबकि गन्ना व गेहूं को बारिश से फायदा हुआ है।
सीतापुर में ओले की चादर बिछ गई
सीतापुर, लखीमपुर, रायबरेली, सुलतानपुर और बहराइच में कई जगह बूंदाबांदी के साथ ओले भी गिरे। सीतापुर राजमार्ग पर तो कई किमी तक ओले की चादर जैसी बिछ गई। बर्फीली हवा पूरे दिन चलीं। लोग ठंड से ठिठुरते रहे। श्रावस्ती, बाराबंकी, गोंडा और अमेठी में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई। बलरामपुर में दिनभर तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अयोध्या में गुरुवार को बारिश तो नहीं हुई, पर दिन में सात किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलती रही। धूप निकली पर असरकारी नहीं रही। इस वजह से वातावरण में ठंड भी बनी रही।
शुक्रवार व शनिवार होगी बारिश
नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर शुक्रवार व शनिवार को दिखाई देगा। दोनों दिन बारिश के साथ ही तेज गति से हवा चलने की अनुमान है।
Published on:
04 Feb 2022 07:15 am
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
