
मुलायम सिंह यादव की अस्थियां हरिद्वार में अखिलेश यादव ने गंगा में विसर्जित कीं, सभी ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की अस्थियां (Mulayam Singh Yadav ashes ) सोमवार को हरिद्वार में चंडी घाट के नमामि गंगे घाट पर विधि-विधान के साथ विसर्जित कर दी गई हैं। धरती पुत्र नेताजी पंचतत्व में विलीन हो गए। अस्थियों के विसर्जन के साथ ही मुलायम सिंह यादव को अंतिम विदाई दी गई। अखिलेश यादव ने अस्थियां गंगा में विसर्जित कीं। अस्थि विसर्जन के वक्त समाजवादी पार्टी के बड़े नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) व पत्नी डिंपल यादव और तीनों बच्चे भी मौके पर थे। साथ में शिवपाल यादव, रामगोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव भी थे। अस्थि विसर्जन के बाद अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव व परिवार के अन्य सदस्यों ने गंगा स्नान भी किया। मुलायम सिंह यादव का 10 अक्तूबर को निधन हो गया था।
निजी विमान से जौलीग्रांट देहरादून पहुंचे अखिलेश
सैफई में मुलायम सिंह यादव के शुद्धि संस्कार के बाद अस्थि कलश लेकर अखिलेश यादव परिवार सहित हरिद्वार पहुंचे। वह निजी विमान से जौलीग्रांट देहरादून से हरकी पैड़ी पर लगभग साढ़े 12 बजे पहुंचे। यहां हरिद्वार के चंडी घाट पर रामगोपाल यादव पहले से मौजूद रहे। यहां मुलायम सिंह यादव की अस्थियां गंगा में विसर्जित की गईं।
तीर्थ पुरोहित शैलेश मोहन पूरा किया काम
तीर्थ पुरोहित शैलेश मोहन ने विधि विधान से मंत्रोच्चारण के साथ गंगा में अस्थियां विसर्जित कराई। मुलायम के बेटे अखिलेश यादव ने परिवार के साथ चंडी घाट स्थित नमामि गंगे घाट में गंगा में अस्थि विसर्जन किया।
अस्थि विसर्जन कार्यक्रम बदलाव
मुलायम सिंह यादव का अस्थि विसर्जन नमामि गंगे घाट पर किया गया। पहले यह वीआइपी घाट, फिर हरकी पैड़ी पर किए जाने की सूचना थी। पर नहर बंदी की वजह से कार्यक्रम में बदलाव किया गया।
पूरे परिवार ने दी अंतिम विदाई
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं सहित हजारों लोगों ने नम आंखों से नेताजी मुलायम सिंह यादव को अंतिम विदाई दी। इस मौके पर अखिलेश यादव के चाचा व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया अध्यक्ष शिवपाल यादव, पत्नी डिंपल यादव, भाई धर्मेंद्र यादव, अंशुल यादव, तेजस्वी यादव, प्रतीक यादव, शिवपाल यादव की पत्नी सरला यादव, तेज प्रताप, अर्जुन अक्षम, आदित्य आदि भी पहुंचे थे।
10 अक्टूबर को मुलायम सिंह यादव का निधन
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में 10 अक्टूबर सोमवार सुबह 8.16 बजे निधन हो गया था। मंगलवार दोपहर 3 बजे महोत्सव ग्राउंड में मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार किया गया था। मुलायम सिंह यादव 82 साल के थे। मेदांता अस्पताल में वह वेंटिलेटर पर थे। मुलायम सिंह यादव को बेटे अखिलेश यादव ने मुखाग्नि दी थी।
Updated on:
17 Oct 2022 05:18 pm
Published on:
17 Oct 2022 03:47 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
