
Mulayam Singh Yadav Death: मुलायम सिंह यादव के निधन पर प्रतिक्रियाएं, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का आज सोमवार सुबह 8.16 बजे गुरुग्राम मेदांता में निधन हो गया। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के ट्विटर अकांउट के जरिए मुलायम सिंह यादव के निधन की जानकारी दी। मुलायम के निधन की सूचना पर यूपी सहित देश के सभी नेताओं ने अपना दुख प्रकट किया। और उनको अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुलायम की मृत्यु की सूचना पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मेदांता अस्पताल जाकर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। अमित शाह ने अखिलेश यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
मुलायम का निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत - अमित शाह
अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि, मुलायम सिंह यादव अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएंगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है।
समाजवाद की मुखर आवाज थे मुलायम सिंह - ओम बिरला
लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट कर कहा, समाजवाद की मुखर आवाज वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह का निधन दुखद है। वे सदैव वंचित वर्ग के कल्याण को समर्पित रहे। उनके अधिकारों की रक्षा के लिए बढ़ती आयु व अस्वस्थता के बावजूद वे लोक सभा में सक्रिय रहते थे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
पीएम मोदी ने मुलायम के साथ अपनी आठ तस्वीरें शेयर कीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए व्यक्तिगत क्षति बताया है।पीएम मोदी ने ट्वीट किया मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। वो एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता थे और लोगों की सेवा के लिए हर समय तैयार रहते थे। उन्होंने जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने एक के बाद एक मुलायम सिंह यादव के साथ अपनी आठ तस्वीरें शेयर कीं। कई पुरानी यादों को ताजा करते हुए सपा संरक्षक की तारीफ की। पीएम मोदी ने बताया कि, 2013 और फिर 2019 में मुलायम सिंह ने आशीर्वाद दिया था।
समाजवादी आंदोलन के प्रतीक थे मुलायम - मनमोहन सिंह
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन पर अखिलेश यादव को पत्र लिखकर शोक प्रकट किया और कहाकि, वे समाजवादी आंदोलन के प्रतीक थे। पत्र में लिखा, वह उच्च सम्मान के नेता थे, जिनका पार्टी लाइनों के बावजूद हर कोई सम्मान करता था। वह समाजवादी आंदोलन के प्रतीक थे और कई बार उत्तर प्रदेश विधानसभा और लोकसभा के लिए चुने गए। उन्होंने कई बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया। वह एक महान सांसद और एक प्रतिष्ठित प्रशासक थे जिन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों और अन्य पिछड़े समुदायों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।
ईश्वर मुलायम को श्रीचरणों में स्थान दें - प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के पूर्व रक्षा मंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। अखिलेश यादव व अन्य सभी प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर मुलायम सिंह यादव जी को श्रीचरणों में स्थान दें।
उनकी यादें हमेश जुड़ी रहेंगी - लालू प्रसाद
राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने मुलायम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि समाजवादी वटवृक्ष सपा संरक्षक मुलायम सिंह के निधन की खबर से मर्माहत हूं। देश की राजनीति में एवं वंचितों को अग्रिम पंक्ति में लाने में उनका अतुलनीय योगदान रहा। उनकी यादें हमेश जुड़ी रहेगी।
यूपी की प्रगति में मुलायम की प्रमुख भूमिका - एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रमुख मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की प्रगति और विकास में एक प्रमुख भूमिका निभाई। उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदना और ईश्वर से प्रार्थना है।
मुलायम सिंह यादव जमीन से जुड़े हुए नेता - शिवराज सिंह चौहान
मुलायम सिंह यादव के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मुलायम सिंह यादव जमीन से जुड़े हुए नेता थे। जब हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्री के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह के साथ कई बार विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। उनके दुखद निधन पर शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं।
मुलायम आजीवन सांप्रदायिकता के खिलाफ खड़े रहे - भूपेश बघेल
छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, समाजवादी नेता और उत्तर प्रदेश के धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव 'नेता जी' के निधन का समाचार भारतीय लोकतांत्रिक नींव के एक पत्थर के ढह जाने जैसा है। यूपी के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने जनता की सेवा की। वे आजीवन सांप्रदायिकता के खिलाफ खड़े रहे।
राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति - नीतीश कुमार
बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि, मुलायम सिंह यादव का निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। यादव देश के बड़े समाजवादी नेता थे। एक साधारण किसान परिवार में जन्म लेने वाले यादव पहले दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे उसके पश्चात देश के रक्षा मंत्री बने, पुन: एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वे स्पष्टवादी, निडर एवं दूरदर्शी नेता थे। वे लोकप्रिय जननेता के साथ ही कुशल प्रशासक भी थे। वे लोकसभा सांसद भी थे। वे हमेशा अपनी विचारधारा पर अडिग रहे। उत्तर प्रदेश एवं देश के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनसे हमारा व्यक्तिगत लगाव था। उनके निधन से मुझे काफी दुख पहुंचा है।
सामाजिक न्याय के बड़े योद्धा के रूप में याद किए जाएंगे - कमल नाथ
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्हें हमेशा सामाजिक न्याय के बड़े योद्धा के रूप में याद किया जाएगा।
कट्टर लोहियावादी थे मुलायम - जयराम रमेश
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, मुलायम सिंह यादव एक कट्टर लोहियावादी थे। यूपी के सीएम के रूप में उनका कार्यकाल काफी प्रभावी रहा। उन्होंने 2 मौकों पर एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय भूमिका निभाई, देवेगौड़ा और गुजराल सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में और 2002 में जब उन्होंने राष्ट्रपति के लिए एपीजे अब्दुल कलाम का प्रस्ताव रखा।
ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करे - संजय सिंह
आप नेता संजय सिंह ने कहा, भारतीय राजनीति में पिछड़ों शोषितों की आवाज पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करे व उनके परिजनों,समर्थकों को ये पीड़ा सहन करने की शक्ति दें।
Updated on:
10 Oct 2022 04:22 pm
Published on:
10 Oct 2022 03:52 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
