
ओपी राजभर का अखिलेश यादव को लेकर बयान। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज
UP Politics: उत्तर प्रदेशसरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी (SP) पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सपा गरीबों, पिछड़ों और दलितों के अधिकारों की बात तो करती है, लेकिन उसके जनप्रतिनिधियों पर ही गरीबों की जमीन कब्जाने के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसे मामलों में पार्टी नेतृत्व की चुप्पी भी सवाल खड़े करती है।
ओपी राजभर ने कहा कि मऊ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। उनके मुताबिक, वीडियो में राजीव राय पर एक यादव परिवार की जमीन कब्जाने का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस विवाद के दौरान मारपीट जैसी स्थिति भी बनी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
राजभर ने सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ के मोहनपुर पटवास गांव में एक दलित महिला की करीब 50 बीघा जमीन और तालाब पर कब्जा कर लिया गया है।
उनके अनुसार, इस जमीन पर फार्महाउस और स्विमिंग पूल का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूरे परिसर की तारबंदी कर उसमें बिजली का करंट छोड़ा गया है ताकि कोई अंदर प्रवेश न कर सके। राजभर ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा गरीब और दलित की जमीन पर कब्जा करना उचित नहीं है।
मौलाना जर्जिस अंसारी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को "5 वक्त का नमाजी" बताए जाने वाले बयान पर भी ओपी राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद को भगवान श्रीकृष्ण का वंशज बताते हैं, इसलिए उन्हें इस बयान पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी। राजभर ने कहा कि यदि अखिलेश इस बयान से सहमत नहीं हैं, तो उन्हें मौलाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग करनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक सपा प्रमुख की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने इस बयान का विरोध नहीं किया।
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी ओपी राजभर ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर भी BJP और उसके सहयोगी दलों का मुकाबला नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि साल 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में विपक्ष को हार का सामना करना पड़ा था और 2027 में भी परिणाम अलग नहीं होंगे। राजभर ने भरोसा जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पहले से ज्यादा सीटों के साथ दोबारा सरकार बनाएगा।
ओपी राजभर ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में लागू की गई नई सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इस तरह के सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं। उनके अनुसार, यदि प्रशासन पहले से सतर्क रहेगा तो भविष्य में विवाद और अव्यवस्था की आशंका कम होगी।
संबंधित विषय:
Updated on:
21 Jul 2026 02:48 pm
Published on:
21 Jul 2026 02:48 pm
