
कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और मदन कौशिक
पूर्व विधायक चैंपियन ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के खिलाफ बयानबाजी की है। चैंपियन का आरोप है कि 2022 विस चुनाव में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उनके साथ भीतरघात किया था। इसी के चलते वह चुनाव हार गए थे।चैंपियन ने पहले दिल्ली और फिर मसूरी में पत्रकार वार्ता कर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पर ये आरोप लगाए थे। इससे भाजपा आला कमान ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सोमवार को चैंपियन को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए हैं।
पार्टी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक भाजपा में अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई बात है भी, तो पार्टी नेता उसे पार्टी फोरम पर उठा सकते हैं। लेकिन सार्वजनिक रूप से ऐसे आरोप बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
कौशिक की शिकायत पर एक्शन
बताया जा रहा है कि हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने चैंपियन की ओर से लगाए गए आरोपों और बयानबाजी की शिकायत आला कमान से की थी। कौशिक हरिद्वार सीट से लोस टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। ऐसे हालात में चैंपियन की बयानबाजी को कौशिक के साथ ही पार्टी भी गंभीरता से ले रही है।
Published on:
09 Jan 2024 02:00 pm
