
PM Awas Yojana
PM Awas Yojana: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा वसंत कुंज और शारदानगर विस्तार में पीएम आवास योजना के तहत मकान बनाए गए हैं और इनका आवंटन भी किया जा चुका है। वसंत कुंज में अकबरनगर के विस्थापितों को भी मकान मिला है। मगर मकानों की स्थिति बेहद खराब है। किसी के खिड़की-दरवाजे टूटे हुए हैं, किसी में टोंटी नहीं लगी है, और किसी का वॉश बेसिन टूटा हुआ है। मकानों में वायरिंग अधूरी है और टाइल्स तक टूटी हुई हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि ठेकेदार मकान का कब्जा भी नहीं दे रहे हैं, जिससे आवंटी परेशान हैं।
पीएम आवास योजना के मकान बनवाने वाले ठेकेदार मकानों में टूट-फूट को सही कराने से बच रहे हैं। ठेकेदार आवंटियों पर दबाव बना रहे हैं कि वे इसी स्थिति में मकान ले लें और कागज पर साइन करें कि मकान ठीक हालत में मिला है। अकबरनगर में विस्थापित कोटे से वसंत कुंज में मिले मकानों की स्थिति बेहद खराब है। ठेकेदार से जब मकान सही कराने की बात की गई, तो उसके लोग कह रहे हैं कि मकान ठीक नहीं कराया जाएगा और आवंटियों पर साइन करने का दबाव बना रहे हैं।
शारदानगर विस्तार में पीएम आवास योजना के तहत आवंटित मकानों की रजिस्ट्री हुए आठ महीने बीत चुके हैं, लेकिन ठेकेदार ने मकानों में कुछ भी नहीं कराया है। मकानों की स्थिति बहुत खराब है और कब्जा नहीं मिल पा रहा है। आवंटियों ने इस स्थिति को लेकर शिकायत की है।
पीएम आवास योजना के मकानों का अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने निरीक्षण किया था। निरीक्षण में तमाम खामियां मिली हैं। उन्होंने वीसी प्रथमेश कुमार और सचिव विवेक श्रीवास्तव को रिपोर्ट भेजी थी। रिपोर्ट के बाद, सचिव ने पांच-पांच इंजीनियरों की दो टीमें इन मकानों की जांच के लिए बनाई हैं। इंजीनियरों को मकानों के अधूरे कामों को पूरा कराने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें: महंगी हुई बुखार और शुगर की दवाएं: जनता पर बढ़ा बोझ
Updated on:
5 Aug 2024, 9:27 AM IST
Published on:
5 Aug 2024, 9:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.