
लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर लगा पोस्टर। PC: IANS वीडियो ग्रैब
Samajwadi Party Poster War Lucknow: लखनऊ स्थित विक्रमादित्य मार्ग पर समाजवादी पार्टी मुख्यालय के बाहर लगे नए पोस्टरों ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। बयानों तक सीमित रहने वाली जुबानी जंग अब पोस्टर वॉर का रूप ले चुकी है, जिसके जरिए सपा ने सत्तारूढ़ दल पर सीधा निशाना साधा है।
समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगे एक पोस्टर पर लिखा है कि चंदा चोरी से चला जिनका घर, अब आरक्षण पर कर रहे हैं प्रश्न। वहीं, बगल में लगा दूसरा पोस्टर और भी हमलावर लहजे में है। इस पर लिखा है कि चंदा चोरी से जिनका नहीं भरा मन, अब आरक्षण पर कर रहे हैं मनमाना।पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों (PDA) की राजनीति को धार दे रही समाजवादी पार्टी ने इस बार आरक्षण के मुद्दे को भ्रष्टाचार के आरोपों से जोड़कर सत्ता पक्ष की दुखती रग पर हाथ रख दिया है।
चंदा और आरक्षण के मुद्दे उठाने के साथ-साथ इन पोस्टरों में भविष्य के चुनावी दावों के नारे भी लिखे गए हैं। एक अन्य पोस्टर पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव की तस्वीरों के साथ लिखा है - 27 में अखिलेश का राज, 29 में डिंपल यादव का ताज।
समाजवादी पार्टी मुख्यालय के बाहर लगे ये सभी पोस्टर और होर्डिंग प्रतापगढ़ के सपा नेता एवं समाजवादी सेवक हल्लू राम सुंदर यादव की ओर से लगाए गए हैं।
इससे पहले, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी सपा मुख्यालय के बाहर एक बड़ी होर्डिंग लगाई गई थी। उस होर्डिंग में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों के आंदोलन और जनशक्ति की जीत बताया गया था। साथ ही, आंदोलन में शामिल छात्रों, पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनता के प्रति आभार व्यक्त किया गया था।
धन्यवाद पत्र के रूप में लगाई गई उस होर्डिंग में अखिलेश यादव और डिंपल यादव के नेतृत्व के प्रति आभार जताया गया था और भविष्य में भी जनहित व युवाओं के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिखा गया था।
Updated on:
31 Jul 2026 10:29 am
Published on:
31 Jul 2026 09:21 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
