
AAP सांसद संजय सिंह ने उठाया सवाल। (फोटो सोर्स-IANS)
Sanjay Singh AAP Press Conference UP Schools: लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विधानसभा में दिए बयान पर तीखा हमला बोला। संजय सिंह ने कहा कि जब सीएम योगी ने सदन में स्पष्ट रूप से कहा था कि उत्तर प्रदेश में कोई स्कूल बंद नहीं होगा, तो फिर स्कूलों का मर्जर क्यों किया जा रहा है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि इसका मतलब है कि सरकार ने विधानसभा में झूठ बोला है।
संजय सिंह ने योगी सरकार से पूछा कि अगर स्कूलों का मर्जर किया गया है तो उनका नया पता क्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि यूडीआईएसई पर अभी भी इन स्कूलों को उसी जगह पर संचालित दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो स्कूल न तो मर्ज किए गए और न ही बंद किए गए, उनकी हालत भी बहुत खराब रखी गई है।
आप नेता ने कहा कि उन्हें खुशी है कि पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने बेसिक स्कूलों को सुधारने के लिए 604 करोड़ रुपये खर्च करने का ऐलान किया है। यह अच्छी बात है। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह अपनी नींद से जागे और आम लोगों की समस्याओं को सुने।
गौरतलब है कि इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी स्कूलों के मर्जर और खराब हालत का मुद्दा उठा चुके हैं। उन्होंने भी सरकार पर आरोप लगाया था कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय स्कूल बंद किए जा रहे हैं या उनकी स्थिति बदतर बनाई जा रही है।
बीते दिनों संजय सिंह और अखिलेश यादव की मुलाकात हुई थी। दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात के बाद शिक्षा जैसे मुद्दों पर विपक्ष की एकजुट आवाज और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। दोनों दल सरकार की शिक्षा नीति पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।
अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति तेजी से गरमा रही है। स्कूल मर्जर, शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दे अब विपक्ष के प्रमुख हथियार बनते जा रहे हैं। संजय सिंह के ताजा हमले से साफ है कि विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है।
Updated on:
25 Aug 2026 04:12 pm
Published on:
25 Aug 2026 04:12 pm
