
हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को मिलेगी नई उम्मीद-SGPGI को SBI फाउंडेशन का ₹10 करोड़ सहयोग (फोटो सोर्स : Social Media/whatsapp)
SGPGI Lucknow : उत्तर प्रदेश के बच्चों के लिए हृदय रोग उपचार में एक नई राह खुली है। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई), लखनऊ के सलोनी हार्ट सेंटर को अब और अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहाँ एसबीआई फाउंडेशन आईसीयू प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। इस परियोजना के लिए एसबीआई फाउंडेशन ने ₹10 करोड़ का सहयोग प्रदान किया है, जिससे सेंटर को नवीनतम तकनीक और उपकरणों से सुसज्जित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि “प्रदेश में बच्चों के हृदय रोगों के लिए उच्च स्तरीय उपचार की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। सलोनी हार्ट सेंटर इस कमी को दूर कर रहा है और हजारों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद भर रहा है।”
सीएम योगी ने सलोनी हार्ट फाउंडेशन की संचालक दंपति श्रीमती मिली सेठ और श्री हिमांशु सेठ के समर्पण को सराहा। उनके प्रयासों से यह सेंटर प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में बच्चों के हृदय रोगों के इलाज का केंद्र बनता जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि उत्तर प्रदेश ने पूर्व में इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा “जैसे हमने इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण पाया, वैसे ही बच्चों के हृदय रोग के इलाज में भी ठोस प्रगति हो रही है। सलोनी हार्ट सेंटर इस दिशा में मील का पत्थर बनेगा।”
इस अवसर पर, एसजीपीजीआई के निदेशक डॉ. आर.के. धीमन ने सेंटर की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सलोनी हार्ट फाउंडेशन, एसबीआई फाउंडेशन, एसजीपीजीआई प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
इस पहल से न केवल बच्चों के हृदय रोगों का उच्चस्तरीय इलाज संभव होगा, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में नए मानक भी स्थापित होंगे। योगी सरकार के प्रयास और समाज के सहयोग से उत्तर प्रदेश अब मेडिकल सेवाओं में अग्रणी राज्य बनने की ओर बढ़ रहा है।
Updated on:
18 Aug 2025 04:33 pm
Published on:
18 Aug 2025 04:33 pm
