
पुलिस, वन और खान विभाग की ओर से अवैध खनन के खिलाफ शुक्रवार को संयुक्त रूप से पहली कार्रवाई की गई। गंडवा के पहाड़ों पर हो रहे अवैध खनन की सूचना पर पहुंची संयुक्त टीम को देखकर खनन माफिया ने भागने का प्रयास किया। संयुक्त टीम ने पीछाकर तीन जनों को गिरफ्तार और अवैध खनन में लगे वाहनों को जब्त किया।
अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए बीते दिनों संयुक्त टीम का गठन किया गया था। संयुक्त टीम ने दोपहर 11 बजे गंडवा के पहाड़ों में हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए छापेमारी की। टीम को देखकर खनन माफिया अवैध खनन में लगे वाहनों को लेकर नजदीक स्थित गांव में भाग गए।
सड़कों पर पत्थरों को खाली कर दिया, जिससे पीछा कर रही टीम को परेशानी हुई। टीम ने पीछा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार, चार टै्रक्टर, तीन ट्रॉली, एक जेसीबी और दो डंपर को जब्त कर लिया।
कार्रवाई में पुलिए उपाधीक्षक सिद्धांत शर्मा, क्यूआरटी, आरएसी, फॉरेस्ट गार्ड का जाब्ता, सहायक खनिज अभियंता ललित मंगल और रेंजर रमाकांत शर्मा शामिल रहे।
सहायक खनिज अभियंता ललित मंगल ने बताया कि गुरुवार रात को नाखनौल और निमाहेड़ी में कार्रवाई की गई। जिसमें एक डंपर और जेसीबी को जब्त किया गया है।
Published on:
9 Sep 2016, 9:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.