
दानपेटी लेकर विधानसभा पहुंचे सपा विधायक ( ANI Photo)
UP Assembly Monsoon: यूपी विधानसभा के मानसून सत्र से पहले समाजवादी पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सपा विधायक दान पेटी, पोस्टर और बैनर लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे और राम मंदिर चढ़ावा चोरी, NEET पेपर लीक, आरक्षण, युवाओं की भर्तियों और छात्रों पर कार्रवाई जैसे मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विपक्ष ने सरकार पर कई सवाल उठाए। वहीं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है और मंगलवार को अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।
विधानसभा परिसर में सपा के कई विधायक हाथों में दान पेटी और प्लेकार्ड लेकर पहुंचे। पोस्टरों पर राम मंदिर चढ़ावा चोरी, NEET परीक्षा, आरक्षण, युवाओं की भर्तियों और जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कार्रवाई जैसे मुद्दे लिखे थे। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। वहीं, सपा विधायक आशुतोष वर्मा साइकिल से विधानसभा पहुंचे। उनकी साइकिल पर भी दान पेटी लगी हुई थी। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से अयोध्या में चंदा चोरी हुई है विपक्ष प्रमुखता से इस मुद्दे को इस सदन में उठाने वाला है।
प्रदर्शन के दौरान सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि चंदा चोरी केस में छोटी मछलियों को पकड़ लिया गया, जबकि बड़े नाम अभी भी फरार हैं। उन्होंने स्कूलों की स्थिति, NEET परीक्षा और लंबे समय से रुकी हुई सरकारी भर्तियों का मुद्दा भी उठाया। सपा विधायक नसीम सोलंकी ने कहा कि छात्रों पर हुई कार्रवाई का जवाब सरकार को देना होगा। उनका कहना था कि जिन छात्रों ने लाठियां खाई हैं, उनके साथ न्याय होना चाहिए।
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार किसी भी मुद्दे से भाग नहीं रही है। उन्होंने कहा कि जब सरकार हर सवाल पर चर्चा के लिए तैयार है तो इस तरह का हंगामा उचित नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार मंगलवार दोपहर 12:30 बजे विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश करेगी।
सुरेश खन्ना ने संसद में सनातन धर्म को लेकर हुई टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान जिस तरह सनातन को बदनाम किया गया, वह बिल्कुल गलत है। उन्होंने पप्पू यादव का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से हिंदू संस्कृति का मजाक उड़ाया गया, वह बेहद शर्मनाक है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि सरकार सदन के पटल पर सभी मुद्दों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे और कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा भी विरोध प्रदर्शन में शामिल रहीं। माता प्रसाद पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस सत्र में अयोध्या प्रकरण, NEET घोटाले, युवाओं और स्कूलों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। वहीं आराधना मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस संसद की तरह विधानसभा में भी अयोध्या के मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
उधर सपा नेता इरफान सोलंकी ने बसपा में लगातार हो रहे फेरबदल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मायावती पर दबाव बनाया जा रहा है, सत्ता में जो दल है उसके द्वारा यह दबाव बनाया जा रहा है, जिसके चलते मायावती को यह सब करना पड़ रहा है, वह दलितों की बड़ी नेता है और आज दलितों का अपमान किया जा रहा है।
Updated on:
03 Aug 2026 11:41 am
Published on:
03 Aug 2026 11:30 am
