लंदन के चेयरिंग क्रॉस के अम्बा होटल में हुआ गैस रिसाव, उस वक्त होटल में फंसे थे 1500 लोग, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने ट्वीट कर दी घटना की जानकारी
लखनऊ. शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के गुर सीखने के लिये लंदन गया यूपी का प्रतिनिधि मंडल बड़े हादसे का शिकार होते बाल-बाल बच गया। यूपी का प्रतिनिधि मंडल जिल होटल में ठहरा था, सोमवार देर रात (3:00 AM) वहां जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस लीकेज के समय लंदन के अम्बा होटल में उस वक्त 91 देशों के मंत्रियों के साथ 1500 लोग अंदर फंसे थे। होटल से सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है। प्रतिनिधि मंडल के साथ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा भी गये हैं।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने ट्वीट करते हुए बताया कि रात तीन बजे लंदन के अम्बा होटल में हम व 91 देशों के मंत्री, शिक्षाविद, अधिकारी ठहरे थे, वहां गैस लीक हो गई। हम सब सुरक्षित हैं। यूपी प्रतिनिधि मंडल को अम्बा होटल से कोर्नफिया होटल और फिर वाशिंगटन मेफेयर होटल में सुरक्षित पहुंचा दिया गया।
डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि होटल में गैस लीकेज की जानकारी होते ही पूरे क्षेत्र को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। लगभग1500 लोगों को गैस लीक होने के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया है। रेल व रास्ता बंद है।
इसलिये लंदन गया है यूपी का प्रतिनिधि मंडल
यूपी का प्रतिनिधि मंडल शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के गुर सीखने के लिये लंदन गया हुआ है। डॉ. दिनेश शर्मा ब्रिटिश काउंसिल द्वारा आयोजित 'एजुकेशन वर्ल्ड फोरम' में भाग लेने के लिए लंदन गये हुए हैं। इस सम्मेलन में डिप्टी सीएम के साथ अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा संजय अग्रवाल भी गये हुए हैं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारात्मक प्रयासों से प्रभावित होकर ब्रिटिश कौंसिल ने उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करने में अभिरुचि दिखाई है।
लंदन में ये है कार्यक्रम
'एजुकेशन वर्ल्ड फोरम' में शामिल होने गया प्रतिनिधि मंडल सम्मेलन में मुख्य रूप से शिक्षकों के प्रशिक्षण, बच्चों की प्रारम्भिक शिक्षा, स्कूल-कौशल तथा उच्च शिक्षा, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों पर दबाव, बदलते हुये अर्थशास्त्र का शिक्षा पर प्रभाव तथा शिक्षा का अर्थशास्त्र पर पड़ने वाले प्रभाव आदि विषयों पर विचार-विमर्श किया जाना है। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री का लंदन में 23 जनवरी को प्रवासी भारतीयों द्वारा लक्ष्मी नारायण मनदीप हॉल एवं हिन्दू सेन्टर हॉल में नागरिक अभिनन्दन किया जाएगा।
दिनेश शर्मा 26 जनवरी को लंदन में फहराएंगे तिरंगा
उत्तर प्रदेश में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा इस बार 26 जनवरी को लंदन में बने भारतीय दूतावास में तिरंगा फहराएंगे। भारतीय दूतावास में तिरंगा फहराने के बाद डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा एनआरआई को संबोधित करेंगे। एक फरवरी तक चलने वाले इस लंदन दौरे पर दिनेश शर्मा तीन महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगे।