24 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Old Age Pension: योगी सरकार का बड़ा कदम, हर जिले में वृद्धाश्रम से बुजुर्गों को मिल रहा सम्मान और सहारा

Old Age Home UP: यूपी सरकार बुजुर्गों को सुरक्षित जीवन देने के लिए हर जिले में वृद्धाश्रम चला रही है, जहां बेघर और निराश्रित बुजुर्गों को भोजन, चिकित्सा और सम्मानजनक आश्रय मिल रहा है।

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Ritesh Singh

Apr 25, 2026

बुजुर्गों को मिला सहारा, हर जिले में वृद्धाश्रम से मिल रही सुरक्षा (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)

बुजुर्गों को मिला सहारा, हर जिले में वृद्धाश्रम से मिल रही सुरक्षा (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)

Old Age Home and Care UP: उत्तर प्रदेश में बुजुर्गों के सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन को सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित योजनाओं के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों में वृद्धाश्रमों का संचालन किया जा रहा है, जहां बेघर, निराश्रित और असहाय बुजुर्गों को आश्रय, भोजन, चिकित्सा और देखभाल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान समय में इन वृद्धाश्रमों के माध्यम से 6,055 से अधिक बुजुर्गों को सुरक्षित जीवन और सम्मानजनक वातावरण मिल रहा है।

नाश्ते से लेकर भोजन तक पौष्टिक खानपान

प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल आश्रय देना नहीं, बल्कि बुजुर्गों को सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों के लिए सुबह नाश्ते से लेकर दोपहर और रात के भोजन तक पौष्टिक खानपान की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही साफ-सुथरे वस्त्र, स्वच्छ बिस्तर और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रहीं हैं। वहीं वृद्धाश्रमों में बुजुर्गों की चिकित्सा सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नियमित स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाएं, डॉक्टरों की परामर्श सेवा और आपातकालीन स्थिति में तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इससे उन बुजुर्गों को राहत मिली है, जो आर्थिक तंगी या पारिवारिक उपेक्षा के कारण इलाज नहीं करा पाते थे।

सभी जिलों में संचालित हैं वृद्धाश्रम

योगी सरकार में यूपी के सभी 75 जिलों में 150 क्षमता वाले वृद्धाश्रम संचालित हैं जहां नाश्ते में चाय, हलवा, चना, नमकीन दलिया, नमकीन पूड़ी, पोहा और मीठी दलिया दी जाती है। वहीं दिन के खाने में अरहर दाल, राजमा, मिक्स वेज, मौसमी सब्जी, कढ़ी, रोटी, सब्जी, चावल और सलाद निर्धारित दिनों के अनुसार दिया जाता है। इसी तरह रात्रि के भोजन में रसेदार सब्जी, तहड़ी, खिचड़ी, पूड़ी, रोटी, चावल और खीर दी जाती है।

योगी सरकार में बुजुर्गों को मिला नया जीवन

योगी सरकार की इस बेहतर व्यवस्था से कई ऐसे बुजुर्गों को नया जीवन मिला है, जो पहले सड़कों, रेलवे स्टेशनों या सार्वजनिक स्थानों पर बेसहारा जीवन जीने को मजबूर थे। उन्हें सुरक्षित छत, समय पर भोजन और देखभाल मिल रही है। कई वृद्धाश्रमों में मनोरंजन, योग, भजन-कीर्तन और सामूहिक संवाद जैसी गतिविधियां भी कराई जाती हैं, जिससे बुजुर्ग मानसिक रूप से प्रसन्न और सक्रिय बने रहें।

1 हजार रुपए वृद्धा पेंशन दे रही सरकार

समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर निरीक्षण, समीक्षा और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाती है। जहां जरूरत है, वहां अतिरिक्त सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा प्रतिमाह बुजुर्गों को 1 हजार रुपए वृद्धा पेंशन और आयुष्मान कार्ड के जरिए 5 लाख तक निशुल्क इलाज दिलवाने का काम भी विभाग के द्वारा किया जा रहा है।

जिला वार आंकड़े: कहां कितने बुजुर्ग

प्रदेश के विभिन्न जिलों में रहने वाले बुजुर्गों की संख्या इस प्रकार है:

  • लखनऊ: 128
  • मैनपुरी: 116
  • प्रयागराज: 120
  • हमीरपुर: 107
  • मुरादाबाद: 127
  • बरेली: 134 (सबसे अधिक)
  • गोरखपुर: 107
  • कानपुर देहात: 116
  • जालौन: 114
  • गौतमबुद्ध नगर: 104

यह आंकड़े दर्शाते हैं कि बड़ी संख्या में बुजुर्ग इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।