4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP Police Bharti : पेपर लीक या धांधली में शामिल होने पर कुर्क होगी संपत्ति, भर्ती बोर्ड का फरमान

UP Police Recruitment Exam Update: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 8 से 10 जून के बीच होने जा रही है। पुलिस भर्ती बोर्ड ने साफ चेतावनी दी है कि सॉल्वर गैंग या पेपर लीक में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पढ़िए पूरी खबर...

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Mohsina Bano

Jun 04, 2026

UP Police Constable Exam,UP Police recruitment, Solver gang property attachment, Sarkari Naukari

यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की सख्त चेतावनी (फोटो- पत्रिका)

UP Police Bharti:उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर योगी सरकार और पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड पूरी तरह से एक्शन मोड में है। आगामी 8 से 10 जून के बीच होने वाली इस अहम परीक्षा में अगर कोई भी व्यक्ति पेपर लीक जैसी धांधली में शामिल पाया जाता है तो उसकी खैर नहीं है। भर्ती बोर्ड ने साफ फरमान जारी कर दिया है कि ऐसे अपराधियों की पूरी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।

सॉल्वर गैंग पर कसा जाएगा शिकंजा

यूपी पुलिस में बंपर पदों पर होने वाली इस भर्ती परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस भर्ती बोर्ड ने साफ कर दिया है कि परीक्षा में सेंधमारी करने वाले किसी भी सॉल्वर या नकल माफिया को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। अगर कोई भी अभ्यर्थी या सॉल्वर इस परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ नए और सख्त कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही ऐसे मामलों में जो भी विवेचक (इन्वेस्टिगेटर) होगा, वह अपनी रिपोर्ट सीधे संबंधित जिले के जिलाधिकारी (DM) को भेजेगा।

प्रॉपर्टी जब्त करने और जुर्माने का प्रावधान

बोर्ड की तरफ से जारी चेतावनी में कहा गया है कि परीक्षा की शुचिता भंग करने वालों की संपत्तियों पर बुलडोजर चल सकता है और कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ऐसे अपराधियों से परीक्षा आयोजित कराने में हुए करोड़ों के नुकसान की भरपाई भी की जा सकती है। पकड़े जाने पर लंबी जेल और भारी जुर्माने का भी कड़ा प्रावधान लागू किया जाएगा। बता दें कि 'यूपी सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024' के तहत ऐसी सभी गतिविधियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके तहत सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।

शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर और ईमेलजारी

अगर किसी भी व्यक्ति को परीक्षा का पेपर खरीदने या बेचने, परीक्षा में नकल कराने, सॉल्वर गैंग के सक्रिय होने या किसी भी तरह की अन्य अवांछनीय गतिविधि की भनक लगती है तो वह तुरंत बोर्ड को इसकी सूचना दे सकता है। शिकायत दर्ज कराने के लिए बोर्ड ने एक विशेष ईमेल आईडी satarkta.policeboard@gmail.com और एक व्हाट्सएप नंबर 9454457951 भी जारी किया है। बोर्ड की तरफ से यह भी साफ किया गया है कि, जानकारी साझा करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

8 से 10 जून के बीच होगी परीक्षा

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 8 से 10 जून के बीच कुल 1183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। 32,679 पदों के लिए प्रदेश भर से 28 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए सुरक्षा के बहुत कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा और सीसीटीवी कैमरों से हर केंद्र की निगरानी की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों को भी सख्त हिदायत दी है कि वे किसी भी तरह के प्रलोभन या सॉल्वर गैंग के झूठे वादों के झांसे में न आएं और अपनी मेहनत पर भरोसा रखें।