2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

UP Politcs: 45 सीटों पर प्रभारियों सूची जारी करने के बाद अब सपा के वोट बैंक पर चंद्रशेखर की नजर?

UP Politcs: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने 45 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की घोषणा कर चुनावी रणनीति को नया आयाम दिया है। पार्टी ने दलित, पिछड़ा, मुस्लिम और सिख समुदाय के नेताओं को प्रमुखता देकर अपने सामाजिक आधार को मजबूत करने का संकेत दिया है। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बसपा के पारंपरिक वोट बैंक को चुनौती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
3 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Harshul Mehra

Aug 02, 2026

UP Politcs After releasing list of incharges for 45 seats is Chandrashekhar now eyeing sp vote bank

अब सपा के वोट बैंक पर चंद्रशेखर की नजर? Source- X (@BhimArmyChief)

UP Politcs: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय है, लेकिन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने चुनावी तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। हाल ही में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने 45 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की सूची जारी कर दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम केवल बहुजन समाज पार्टी (BSP) ही नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के लिए भी नई चुनौती खड़ी करने की कोशिश है।

सामाजिक समीकरण साधने पर पार्टी का फोकस

जारी सूची में अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, मुस्लिम और सिख समुदाय के नेताओं को प्रमुखता दी गई है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि पार्टी ने सामाजिक प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों और प्रभारियों का चयन किया है।

45 प्रभारियों में शामिल समुदायों का विवरण इस प्रकार है:

-18 अनुसूचित जाति (SC)

-16 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC)

-10 मुस्लिम

-1 सिख

इसके अलावा लखनऊ छावनी, गोविंद नगर और विश्वनाथगंज समेत पांच सामान्य सीटों पर भी अनुसूचित जाति वर्ग के नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

सपा के PDA समीकरण को चुनौती देने की कोशिश

वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक वीरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि प्रभारियों की सूची से साफ संकेत मिलता है कि आजाद समाज पार्टी अब केवल BSP के वोट बैंक तक सीमित नहीं रहना चाहती। उनके मुताबिक, BSP के कमजोर होने के बाद पार्टी खुद को उसके विकल्प के रूप में पेश कर रही थी, लेकिन अब दलित, पिछड़ा और मुस्लिम समुदाय पर फोकस कर वह समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के सामाजिक आधार में भी अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश कर रही है। राजनीति गलियारों में चर्चा है कि अब सपा के वोट बैंक पर चंद्रशेखर की नजर है।

बदलती रणनीति में दिखा नया राजनीतिक लक्ष्य

राजनीतिक विश्लेषक रतन मणि लाल का मानना है कि चंद्रशेखर आजाद ने इस बार अपनी चुनावी रणनीति में बदलाव किया है। उनके अनुसार, पहले उनकी राजनीति का मुख्य केंद्र BSP थी, लेकिन अब पार्टी सीधे समाजवादी पार्टी के प्रभाव वाले सामाजिक समीकरणों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। जिन सीटों पर प्रभारी घोषित किए गए हैं, वहां का सामाजिक ढांचा काफी हद तक सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण से मेल खाता है।

संगठन अभी चुनौती के स्तर पर नहीं

रतन मणि लाल का कहना है कि फिलहाल आजाद समाज पार्टी का संगठन और चुनावी नेटवर्क इतना मजबूत नहीं माना जा सकता कि वह बड़े स्तर पर समाजवादी पार्टी के वोट बैंक को प्रभावित कर दे। हालांकि, उनका मानना है कि इस रणनीति से पार्टी ने SP के सामने राजनीतिक असहजता जरूर पैदा कर दी है और आगामी चुनाव में नए समीकरण बनने की संभावना बढ़ी है।

'बी-टीम' होने के आरोपों को किया खारिज

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सुनील चितौड़ ने विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी स्वतंत्र विचारधारा के साथ राजनीति कर रही है और किसी भी दल की 'बी-टीम' नहीं है। पार्टी अपने दम पर जनता के बीच जाने और चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

सुनील चितौड़ ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारना है। उन्होंने जानकारी दी कि अगली उम्मीदवारों और प्रभारियों की सूची अगले 10 से 12 दिनों के भीतर जारी की जाएगी।

गठबंधन पर भी रखा दरवाजा खुला

गठबंधन की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में सुनील चितौड़ ने कहा कि राजनीति में संभावनाएं हमेशा बनी रहती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी दल की ओर से बातचीत होती है, तो उस पर अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ही लेंगे।

टिकट वितरण पर पार्टी का पक्ष

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को टिकट नहीं मिलने के सवाल पर पार्टी ने कहा कि उम्मीदवारों का चयन जाति के आधार पर नहीं, बल्कि संगठन में सक्रिय भूमिका, विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता और क्षेत्रीय कामकाज को ध्यान में रखकर किया जाता है।

समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी की राजनीति पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ मुद्दे उठाने वाली हर राजनीतिक ताकत विपक्ष की आवाज को मजबूत करती है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल समाजवादी पार्टी और आजाद समाज पार्टी के बीच किसी भी तरह के गठबंधन को लेकर कोई बातचीत या पहल नहीं हुई है।

2027 चुनाव से पहले बदलते राजनीतिक संकेत

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आजाद समाज पार्टी की शुरुआती चुनावी सक्रियता यह संकेत देती है कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने जनाधार का विस्तार करना चाहती है। आने वाले महीनों में पार्टी की अगली उम्मीदवार सूची, संगठनात्मक विस्तार और संभावित राजनीतिक समीकरण उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति को नई दिशा दे सकते हैं।

बड़ी खबरें

View All

लखनऊ

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग