
प्रतियोगी छात्रों से फर्जी पेपर के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का पर्दाफाश (सांकेतिक इमेज-Freepik)
UP Exam Paper Leak:उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को ठगने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। यूपी STF ने लखनऊ से ओम कुमार नाम के एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी टेलीग्राम ऐप के जरिए छात्रों को पेपर लीक का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूल रहा था। यूपी STF के मुताबिक, आरोपी ओम कुमार को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया की वह मूल रूप से बिहार के पटना जिले का रहने वाला है।
एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि आरोपी ओम कुमार ने टेलीग्राम ऐप पर 'पेपर लीक' के नाम से कई फर्जी चैनल और ग्रुप बना रखे थे। इन चैनलों के जरिए वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के बीच अपनी पैठ और भरोसा कायम करता था। जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं के नाम पर फर्जी दावा करता था कि उसके पास परीक्षा का प्रश्नपत्र पहले से मौजूद है। वह छात्रों को सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर उन्हें अपने जाल में फंसाता था।
आरोपी ओम कुमार का ठगी का तरीका बहुत शातिर था। पहले तो वह छात्रों को विश्वास दिलाता था कि कुछ ही घंटों में परीक्षा का असली पर्चा लीक होने वाला है। इस फर्जीवाड़े के एवज में वह हर छात्र से 2000 रुपये की मांग करता था। टेलीग्राम चैनल पर QR कोड भेजे जाते थे, जिन पर पैसे ट्रांसफर कराए जाते थे। जो छात्र उसके झांसे में आ जाते थे वे ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर देते थे। पैसे मिलने के बाद आरोपी उन्हें कोई पुराना फर्जी पेपर थमा देता था या फिर उन्हें तुरंत ब्लॉक कर देता था। STF का कहना है कि कम रकम होने की वजह से छात्र आसानी से ठगी का शिकार हो जाते थे और शिकायत भी नहीं करते थे।
लगातार मिल रही शिकायतों और खुफिया इनपुट के आधार पर यूपी STF ने इस मामले को गंभीरता से लिया। लखनऊ में जाल बिछाकर STF की टीम ने ओम कुमार को रंगे हाथों धर दबोचा। STF अब आरोपी के मोबाइल फोन और बैंक खातों की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने छात्रों को अपना शिकार बनाया है और उसके गिरोह में कौन-कौन शामिल है। जांच एजेंसियों ने छात्रों से अपील की है कि, वे ऐसे किसी भी टेलीग्राम चैनल या सोशल मीडिया ग्रुप के झांसे में न आएं जो पैसे लेकर पेपर लीक करने का दावा करते हैं।
संबंधित विषय:
Published on:
07 Jun 2026 12:31 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
