
UP Top News : स्वामी अड़गड़ानंद के परमहंस आश्रम में गोली से एक साधु की मौत
स्वामी अड़गड़ानंद के परमहंस आश्रम में गोली चलने से एक साधु की मौत
यथार्थ गीता के प्रणेता स्वामी अड़गड़ानंद महाराज का चुनार के सक्तेशगढ़ में परमहंस आश्रम है। गुरुवार सुबह जब आश्रम के अनुयायी और भक्त आसन लगाकर भक्ति में लीन थे। इसी दौरान आश्रम में गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। आश्रम में गोली की आवाज सुनकर हड़कंप मच गया। साधु जीवन बाबा उर्फ जीत (45 वर्ष) पुत्र सियाराम निवासी सीहोर जनपद शिवपुर (मध्य प्रदेश) और आशीष महराज (46 वर्ष) को गोली लगी थी। जीवन बाबा उर्फ जीत की मौत हो गई थी। उनके सिर में गोली लगी थी। सूचना के बाद मौके पर सीओ चुनार रामानंद राय फील्ड यूनिट व डाग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ की पड़ताल में पता चला कि जीवन बाबा ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मौके से दो तमंचे बरामद हुए। दोपहर 12 बजे तक आशीष महाराज को गोली लगने की बात को आश्रम के लोगों ने छिपाए रखा। दो लोगों को गोली लगने की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि को मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर भेजा। आशीष बाबा नामक साधु खतरे से बाहर हैं।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यूपी में 75 नए विकास खंड (ब्लॉक) बनाने के लिए अफसरों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लॉकों में भारत निर्माण सेवा केंद्र बनाने और प्रत्येक ब्लॉक के 10-10 गांवों में मनरेगा जॉब कार्ड के सत्यापन पर भी जोर दिया। ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री मौर्य ने जर्जर विकास खंड भवनों की मरम्मत का प्रस्ताव तैयार करने और अमृत सरोवरों के निर्माण के लिए स्टेट लेवल पर नोडल अफसर तैनात करने के निर्देश दिए। कहा कि प्रदेश में किसी भी तालाब में जलकुंभी नहीं रहनी चाहिए। उसे हटाने का कार्य मनरेगा से कराया जाए। उन्होंने अफसरों से 10-10 पीएम आवास का भी निरीक्षण करने को कहा। 75 विलुप्त नदियों के पुनरुद्धार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना में 25000 आवासों का निर्माण कराया जाएगा। मौर्य ने प्रदेश के सभी 826 विकास खंडों के दो-दो प्रधानों का चयन करके उनका सम्मेलन कराने के भी निर्देश दिया।
राजधानी की चौक पुलिस ने सराफा कारोबारियों का सोना व चांदी लेकर भागने के आरोपित अमित अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित व्यापारी के पास से 116 किलो चांदी और 425 ग्राम सोना (कीमत करीब एक करोड़ रुपए) बरामद किया गया है। पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर ने बताया कि, सर्राफा कारोबारी अमर सिंह ने चांदी रिफाइन करने वाले अमित अग्रवाल को 71 किलो चांदी दिया था। जब उनके जेवर वापस नहीं मिले तो उन्होंने छानबीन की। पता चला कि आरोपित अमित अग्रवाल जेवर लेकर भाग चुका है। अमर सिंह ने चौक कोतवाली में एफआइआर दर्ज कराई। पुलिस आयुक्त ने आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित की। सर्विलांस की मदद से गुरुवार को पुलिस ने अमित अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला मुख्यालय से तकरीबन सात किमी दूर स्थित लिलौटी नाथ धाम में गुरुवार को पुजारियों ने सदर विधायक और उनके लोगों पर मारपीट और लूट का आरोप लगाया है। विधायक ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मंदिर के लोगों पर पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया। विवाद के चलते पुजारियों ने मंदिर में ताला डाल दिया। फिलहाल पुलिस प्रशासन बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने में लगा हुआ है। सदर विधायक योगेश वर्मा और उनके साथ के लोग गुरुवार को लिलौटी नाथ धाम में भंडारा करने के लिए गए थे। मंदिर की पार्किंग को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान बात हाथापाई तक पहुंच गई। ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मियों ने किसी तरह हालात को काबू किया। लिलौटी नाथ मंदिर के महंत रोहित गिरि ने आरोप लगाया कि, विधायक और उनके लोगों ने पुजारियों से मारपीट और अभद्रता की। साथ ही मंदिर परिसर में बने पार्किंग स्टैंड के लोगों से भी मारपीट करके रुपए वाला थैला भी छीन ले गए।
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने प्रदेश के सभी जिलों में इंटीग्रेटेड ट्रामा व इमरजेंसी सेंटर बनाने के निर्देश जारी किए। इसके साथ ही मुख्य सचिव ने छह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों के निर्माण कार्य की समीक्षा भी की। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारियों की देखरेख में चल रही स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाने व स्टाफ में वृद्धि करने के भी निर्देश दिए। अभी 108 व 102 एंबुलेंस सेवा की 4,400 से अधिक चल रही एंबुलेंस में ही जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मुख्य सचिव को बताया कि, फेज दो में हरदोई में बनाए जा रहे स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय 81 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
Updated on:
28 Jul 2022 05:20 pm
Published on:
28 Jul 2022 05:18 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
