
बोले - मोदी हो गए है दूरदर्शन, गरीबों के पास नहीं जाते
महासमुंद. सुकमा। CG Election 2023 : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरग़े ने बुधवार को सुकमा और महासमुंद की जनसभाओं में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने कारखाने बनाए, देश को खड़ा किया। उसे मोदी अमीरों को बेच रहे हैं। उन्होंने लोगों से कहा, कांग्रेस ने जो 16 वादे किए हैं। उसे हम फिर से पूरा करके दिखाएंगे।
स्थानीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में खरगे ने कहा कि मणिपुर जल रहा है। एक बार भी पीएम मोदी मणिपुर की जनता का हाल-चाल पूछने के लिए वहां नहीं गए। वहां की महिलाओं से मिलने के लिए नहीं गए। पीएम मोदी कभी गरीबों के पास नहीं जाते। मोदी दूरदर्शन हो गए हैं, जो आज जनता के नजदीक नहीं आते हैं।
उन्होंने कहा कि हमने बड़ी मेहनत से देश को खड़ा किया था। देश को संवारा। कारखाने बनाए। उसे अमीरों को बेचा जा रहा है। नगरनार प्लांट को भी बेचने वाले थे। जनता के विरोध के बाद अब कह रहे नहीं बेचेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल पदयात्रा की। गरीबों व आम लोगों से मिले। उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में हमने गरीबों से किए वादों को निभाया है। इसलिए जनता का विश्वास बना रहना चाहिए।
भाजपा ने डर से घोषणा-पत्र तक नहीं किया जारी : सीएम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि डर के कारण भाजपा ने अब तक अपना घोषणा-पत्र जारी नहीं किया है। अब तक भाजपा की कोई गारंटी नहीं है। कांग्रेस सरकार ने सभी वादों को पूरा किया। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा अभी भी बरकरार है। वहीं कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि पिछले दिनों भाजपा के एक नेता आए थे, जो गाली देकर गए हैं। ऐसे लोगों को जवाब वोटों से देना है। उन्होंने कहा कि मैं राम की धरती से कौशल्या माता की धरती पर आया हूं। इसलिए आप सब आशीर्वाद जरूर देना। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के साथ महासमुंद जिले के चारों विधानसभा प्रत्याशी, कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
75 से अधिक सीट जीतने का दावा
वहीं सुकमा में मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अपने जीत का परचम फिर लहराएगी। कांग्रेस इस बार 75 से अधिक सीट जीतेगी। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने किसानों की कर्ज माफी, 25 सौ रूपए धान और वन उपज की खरीदी, तेंदूपत्ता 4 हजार रुपए मानक बोरा, उद्योग के नाम पर अधिग्रहण किए गए भूमि को वापस किया।
लघु उपज को समर्थन मूल्य पर खरीदने समेत सभी वादे पूरे किए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ की स्थापना दिवस की प्रदेशवासियों को बधाई देते शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के 15 साल के शासन में आदिवासियों को फर्जी एनकाउंटर में मारने का काम होता था, आदिवासियों को जेल में बंद करने का काम होता था और 15 साल में इलाके में हाट बाजार बंद व स्कूल बंद हो गए थे, वन उपज खरीद नहीं होता था। उस समय सुकमा आने के लिए भी लोग 10 बार सोचते थे, लेकिन हमारी सरकार बने से रात के 10 बजे हो या 12 बजे रात को भी बेधड़क होकर रात में सुकमा से जगदलपुर, दंतेवाड़ा जा सकते हैं।
Published on:
02 Nov 2023 08:23 am
बड़ी खबरें
View Allमहासमुंद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
