पामगढ़। Chhattisgarh Election 2023: अविभाजित मध्यप्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ गठन तक जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विधानसभा में वर्ष 1967 से लेकर अब तक हुए 12 विधानसभा चुनाव में एक बार ही भाजपा को जीत मिली है। जबकि 6 बार कांग्रेस तो पांच बार बसपा ने बाजी मारी है। वर्तमान में लंबे समय से पामगढ़ विस को बसपा का गढ़ माना जाता है। 2008 और 2018 के चुनाव में यहां बसपा को जीत मिली। वहीं 2013 में पहली बार पामगढ़ विधानसभा में कमल खिला। यहां से बीजेपी के अंबेश जांगड़े ने जीत हासिल की। 2018 के चुनाव में भी बीजेपी ने उन्हें मैदान में उतारा पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बसपा की इंदू बंजारे ने जीत दर्ज की और बसपा से पहली महिला विधायक बनी। इस बार भी बसपा ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है और उन्हें पामगढ़ सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।