
CG News: महासमुंद नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद का चुनाव गुरुवार को हुआ। चुनाव में भाजपा प्रत्याशी देवीचंद राठी की एकतरफा जीत हुई। कांग्रेस के प्रत्याशी जय कुमार देवांगन को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी देवी चंद राठी को 24 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी जय कुमार देवांगन को मात्र 6 वोट ही हासिल हुए। एक वोट निरस्त हो गया।
भाजपा प्रत्याशी देवी चंद राठी को भाजपा के साथ-साथ निर्दलीय प्रत्याशियों का भी वोट मिला। नगर पालिका में भाजपा के 17 पार्षद हैं। महासमुंद नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव पालिका परिसर में हुआ। अपर कलेक्टर रवि साहू और पीठासीन अधिकारी डॉ. रविराज ठाकुर ने चुनाव कराया। तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 से 11 बजे तक नाम निर्देशन प्रस्तुत किया गया।
इसके बाद 11 बजे से 11.40 तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच की गई। 12 बजे तक नाम वापसी के लिए समय रखा गया था। उपाध्यक्ष व अपील समिति के सदस्यों के लिए गुप्त मतदान 1 बजे से 1:45 बजे तक किया गया। इसके बाद मतगणना कार्य 1:45 से 2:30 बजे तक किया गया। 2:30 बजे परिणाम की घोषणा की गई।
परिणाम की घोषणा होने के बाद ही प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। बीजेपी की जीत के बाद जमकर आतिशबाजी की गई। कार्यकर्ता एकजुट भी होने लगे और जीत का जश्न मनाया गया। वहीं कांग्रेस खेमे से नपाध्यक्ष निखिल और प्रत्याशी जय कुमार देवांगन ही दिखाई दिए।
जीत के बाद देवीचंद राठी ने कहा कि शहर का विकास करना ही उनकी पहली प्राथमिकता है। शहर के विकास में योगदान देंगे और लोगों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर क्रियान्वित कराने पर जोर देंगे।
CG News: नगर पालिका चुनाव में देवीचंद राठी अध्यक्ष पद के भी दावेदार रह चुके हैं, लेकिन उन्हें बीजेपी से टिकट नहीं मिल पाया था। इससे वे नाराज भी थे। लेकिन, उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने प्रत्याशी बनाया और जीत हासिल की। महासमुंद नगर की सत्ता में अब अध्यक्ष कांग्रेस का है और उपाध्यक्ष बीजेपी का है।
उपाघ्यक्ष चुनाव को लेकर सुबह से ही गहमागहमी का माहौल था। नगर पालिका के सामने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बागबाहरा में उपाध्यक्ष पद हार के बाद से ही बीजेपी अलर्ट थी। बड़ी संख्या में बीजेपी के पदाधिकारी आस-पास मौजूद थे और एक-एक कर पार्षद वोटिंग के लिए पहुंचे। पहचान के बाद ही अंदर जाने दिया गया।
Updated on:
21 Mar 2025 04:42 pm
Published on:
21 Mar 2025 04:41 pm
बड़ी खबरें
View Allमहासमुंद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
