
Monsoon 2024: छत्तीसगढ़ में मानसून की अटखेलियां जारी है। सुबह से दोपहर तक लू के हालात बन रहे हैं तो दोपहर बाद मानसूनी फुहार। तापमान में बदलाव से लोग परेशान है। इधर मौसम विभाग ने एक बार फिर यलो अलर्ट जारी कर मानसून 2024 के आने की नई तारीख बताई है। दूसरी ओर प्रदेश में हर दिन आंधी तूफान का दौर जारी है।
रायपुर शहर को छोड़कर आसपास इलाके और जिलों में हल्की बारिश हुई है। दोपहर में बेमेतरा में जमकर बारिश हुई। हालांकि बरस कर बादल थम गया। यह हाल भिलाई दुर्ग में भी देखने को मिला। वहीं शाम होते ही इन इलाकों में उमस भरी गर्मी बढ़ गई।
IMD Monsoon Update 2024: महासमुंद में अब तक मानसून 2024 का प्रवेश नहीं हुआ है। उमसभरी गर्मी ने लोगों को हलाकान कर दिया। तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। महासमुंद में सुबह बदली छाई रही। इसके बाद दोपहर में धूप खिली रही।
मौसम विभाग ने 18 जून तक यलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को सरायपाली में 32 मिमी और पिथौरा में पांच, बसना में 10 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मानसून आगे बढ़ रहा है। 17 जून के बाद से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती है।
छत्तीसगढ़ में 16 जून से मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है। जिससे तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। बता दें कि मानसून 2024 को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं, अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून 2024 के पहुंचने की संभावना है। दक्षिण पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा नवसारी, जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, बीजापुर, सुकमा, मलखानगिरी, विजयनगरम और इस्लामपुर है। शुक्रवार को बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
बस्तर संभाग में मानसून ने दस्तक दे दी है, उत्तरी छत्तीसगढ़ में असर देखने को नहीं मिला है। इस कारण रायपुर संभाग के कुछ हिस्सों में ग्रीष्म लहर भी चली। मौसम विभाग के मुताबिक एक द्रोणिका यूपी से पश्चिम बंगाल तक बनी हुई है। चक्रवात भी बना हुआ है। जिले में एक जून से अब तक 27 मिमी औसत बारिश हो चुकी है।
Updated on:
18 Jun 2024, 9:54 AM IST
Published on:
15 Jun 2024, 6:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.