
इस विधायक का जलवा देख सब हैरान, गनर और निजी सचिव के साथ जब निकला बाहर, बड़े-बड़ों के उड़े होश
महोबा. बुंदेलखंड के महोबा में पीएम मोदी के दिव्यांग प्रेम से प्रेरित होकर बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने 5 बर्षीय मासूम दिव्यांग को एक दिन का विधायक बनाकर देश मे नया इतिहास रच दिया है। चरखारी विधायक के दिव्यांग प्रेम की अनूठी मिशाल को देखने के लिए सैकड़ों ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा है। यही नहीं एक दिन के विधायक प्रोटोकॉल के मुताबिक जनसमस्याओं को सुनने और निस्तारण करने के बाद देर रात चरखारी नगर कोतवाली के निरीक्षण करने जा पहुंचे। नए नवेले विधायक कोतवाली में बैठ सरकारी रजिस्टर को विधिवत देखने के बाद सेल्फी लेकर सोशल मीडिया में डालते नजर आये।
मासूम दिव्यांग को बनाया विधायक
231 चरखारी विधान सभा से बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने एक पांच वर्षीय मासूम दिव्यांग को एक दिन का विधायक बना एक नयी सौगात देते हुए अपने निजी सचिव सहित गनर को उसकी सुरक्षा में लगा दिया और अपनी गाडी भी सौंप दी। मासूम दिव्यांग अरुण विधायक का पद पाकर बहुत खुश हुआ। इतना ही नहीं एक दिन के विधायक ने चौपाल लगाकर जन समस्याओं को सुना साथ ही प्रोटोकॉल के तहत चरखारी कोतवाली पहुंचकर वहां का निरीक्षण भी किया। दिव्यांग के माता-पिता अपने मासूम का सम्मान देख ख़ुशी से फूले नहीं समा रहे थे। बुंदेलखंड के कश्मीर कहे जाने वाले चरखारी के रामनगर का ये नजारा जनपद में चर्चा का विषय बना रहा। एक दिन के विधायक अरुण अहिरवार नगर व क्षेत्र की जनसमस्याओं को सुन रहे हैं समझ रहे है और सुरक्षाकर्मियों के साथ मलिन बस्ती का निरीक्षण भी कर रहे हैं। एक दिन के विधायक को देखने के लिए लोंगो का हुजूम उमड़ा है।
लोगों की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
समस्याओं को सुनने के बाद नव-नवेले विधायक इशारों में अपने निजी सचिव को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश भी दे रहे हैं। एक दिन के विधायक से कुदरत ने भले ही बोलने की शक्ति को छीना हो मगर प्रतिभा के धनी अरुण इशारों में सारे निर्देश दे रहे हैं। यह नजारा यही नहीं थमा बल्कि विधायक देर शाम चरखारी नगर की कोतवाली का निरीक्षण करने भी जा पहुंचे। जहां पुलिस में तैनात दरोगाओं ने उनको गोदी में उठा कुर्सी में बैठा दिया और दिन में आयी तमाम शिकायतों के निस्तारण रजिस्टर थमा दिया। विधायक जी आएं और पुलिस आवभगत न करे ऐसा कैसे हो सकता है सो विधायक जी की आवाभगत के लिए पुलिस द्वारा जलपान की व्यवस्था भी की गयी और निरीक्षण के बाद विधायक जी अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गए।
सभी फरियादियों की सुनी समस्याएं
चरखारी विधानसभा के जैतपुर कस्बे से पहुंचे फरियादियों की खासी भीड़ नए विधायक के सामने जा पहुंची। बिजली की समस्या को लेकर शिकायती पत्र भी सौंपा। ख़ुशी हुई की एक दिन के विधायक ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निजी सचिव के माध्यम से बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल बिजली व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए। एक सच्चे जनप्रतिनिधि के नाते जनता से हाथ भी हिलाया और निजी सचिव के गले में हाथ डालकर गुप्तगू भी की।
मुझे मिली जमाने भर की खुशी
आज अपने दिव्यांग बेटे की किस्मत को देखकर उसके पिता तुलसीराम की आंखें नम हो गईं। पिता के मुताबिक उसका पुत्र जन्म से नहीं बोल पाता लेकिन आज चरखारी के विधायक ब्रजभूषण राजपुत ने मेरे बेटे को एक दिन का विधायक बनाकर मुझे जमाने भर की खुशी दी है। मेरा परिवार खुशी से झूम रहा है। बीजेपी विधायक ने मेरे पांच वर्ष के बेटे को एक दिन का विधायक बनाकर जो गौरव और सम्मान दिया है उसका मैं सदैव ऋणी और आभारी रहूंगा।
Updated on:
29 Nov 2018 09:03 am
Published on:
29 Nov 2018 08:45 am
