
यहां दो दुश्मन परिवार चुनावी मैदान में आए सामने, हालात संभालने के लिए पुलिस को खोलनी पड़ी चौकी
मंदसौर. मध्य प्रदेश में एक तरफ तो आज पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान चल रहा है तो वहीं दूसरी तरफ अन्य चरणों के मतदान से पहले प्रत्याशी जोर शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। पुलिस और प्रशासन भी चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। अधिकतर जगहों पर हालात सामन्य है तो कहीं हालात सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस भी पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में हैं। पुलिस की ऐसी ही एक मुसैदी का नजारा सूबे के मंदसौर जिले की पलवई ग्राम पंचायत में देखने को मिला। दरअसल, यहां दो दुश्मन परिवार चुनावी मैदान में आमने सामने हैं। माना जा रहा है कि, चुनावी जीत दोनों परिवारों के लिए वर्चस्व की लड़ाई बनी हुई है। ऐसे में यहां पुलिस ने अहम किरदार निभाया है।
बताया जा रहा है कि, दोनों प्रत्याशी जब भी एक-दूसरे के गांव में चुनाव प्रचार के लिए जाते हैं तो माहौल गरम हो जाता है। दोनों ही परिवार यहां पुलिस की निगरानी में चुनावी प्रचार कर रहे हैं। पुलिस ने बी दोनों परिवारों की दुश्मनी को गंभीरा से लेते हुए इलाके में एक अस्थाई पुलिस चौकी ही खोल ली है और हर समय यहां भारी संख्या में पुलिस किसी भी असामान्य स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए यहां पूरे समय तैनात रहती है।
दोनों परिवारों से भरवाए गए बांड
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, एएसपी गौतम सोलंकी, एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी ने पलवई और पीपलखूंटा गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक की। इस दाैरान पुलिस ने आंजना और जाट परिवार के करीब दो दर्जन लोगों से बांड भी भरवाए हैं। फिलहाल यहां पूरी तरह से शांति है और दोनों परिवार जीत-हार के गणित में व्यस्त हैं।
इसलिए दोनों परिवारों के बीच है रंजिश
ग्राम पंचायत पलवई से जसपाल आंजना की पुत्रवधु अनुबाई चुनावी मैदान में है। उनके सामने मृतक कंवरलाल जाट की पत्नी रोशनबाई जाट चुनाव लड़ रही है। 2003 में जसपाल आंजना ने अपने साथियों के साथ मिलकर कंवरलाल की हत्या कर दी थी। इसके बाद से जाट और आंजना परिवार में रंजिश चली आ रही है। जसपाल आंजना को कंवरलाल की हत्या के आरोप में कोर्ट ने सजा भी सुनाई थी, हालांकि उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिली हुई है, इसलिए भी हालात ज्यादा गंभीर माने जा रहे हैं। रोशनबाई पीपलखूंटा की रहने वाली है और अनुबाई का इसी साल ग्राम पंचायत पलवई में नाम दर्ज हुआ है। कंवरलाल जाट की हत्या का आरोपी जसपाल आंजना खुद ग्राम पंचायत माल्याखेरखेड़ा से सरपंच चुनाव लड़ रहा है। यहां इसके सामने इसी का भतीजा किरण आंजना चुनाव लड़ रहा है।
एक ग्राम पंचायत में दो गांव और दो थाने
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पलवई दो गांवों से मिलकर बनी है, इसमें पीपलखूंटा और पवलई शामिल है। दोनों गांव के थाने अलग अलग हैं। पीपलखुटा गांव के लिए नाहरगढ़ थाना और पवलई गांव के लिए अफजलपुर थाना आता है। ग्राम पंचायत में 1150 से अधिक वोटर हैं। इसमें करीब 470 वोटर पलवई और करीब 723 वोटर पीपलखूंटा में है। यहां करीब 200 जाट मतदाता परिवार हैं।
यहां मतदाताओं को रिझाने के लिए बांटी जा रही साड़ियां, देखें वीडियो
Published on:
25 Jun 2022 02:37 pm
