मंदसौर.
प्रदेश सरकार ने शहरों की प्रमुख सडक़ो को सुधारने के लिए कायाकल्प अभियान चलाया ओर इसके लिए निकायों को राशि दी। मंदसौर नपा को भी इस अभियान में ३ करोड़ की राशि दी। इसमें नपा ने ६ सडक़ो को चिन्हित किया है, लेकिन अभी इनकी टेंडर प्रक्रिया ही पूरी नहीं हुई। जबकि निर्देशों के अनुसार ३१ मार्च तक सभी प्रक्रिया पूरी करना है। हालांकि नपा ने जिन ६ सडक़ो के लिए प्लान तैयार किया है उनका डामरीकण ४ करोड़ ४५ लाख में होना है। ऐसे में नपा को १.४५ करोड़ रुपए वहन करना होंगे। लेकिन विडबंना तो यह है कि इस अभियान में राशि मिलने के बाद इनकी प्लानिंग तो की लेकिन शहर के कई क्षेत्र ऐसे है जहां सडक़ो की हालात खस्ता है वहां के लिए कोई प्लानिंग नपा ने नहीं की और पेचवर्क के नाम पर भी अब तक सिर्फ खानापूर्ति हुई है। ऐसे में शहर के आंतरिक सडक़ो के हालात बदहाल हो चुके है।
इन ६ सडक़ो का ४.४५ करोड़ में होगा कायाकल्प
नगरीय प्रशासन विकास विभाग के कायाकल्प अभियान को लेकर दिए निर्देशों के अनुसार, बस व रेलवे स्टेशन रोड, प्रमुख चौराहा व सडक़ो को इसमेें लेना था। उन्हीं मापदंडों के अनुसार संजय गांधी उद्यान से रेलवे स्टेशन, भरत होटल से मॉडल पेट्रोल पंप तक, रजत इलेक्ट्रिॉनिक से संजय हिल्स तक, सम्राट रोड से हजारी रोड, बैंक ऑफ इंडिया से पेट्रोल पंप व नगर पालिका से उधमसिह चौराहा तक की सडक़ो का ४ करोड़ ४५ लाख की लागत में डामरीकरण किया जाना है। ३ करोड़ की राशि शासन ने दी है लेकिन बाकी १ कराड़ ४५ लाख रुपए नपा को वहन करना होंगे। कायाकल्प अभियान में ३१ मार्च तक टेंडर प्रक्रिया के बाद ठेकेदार का वर्क ऑर्डर से लेकर अनुबंध तक की प्रक्रिया को पूरा कर काम शुरु करवाना है लेकिन अब तक प्रक्रिया का दौर ही पूरा नहीं हुआ है।
अन्य जगहों की सडक़ो के लिए नहीं प्लानिंग, पेचवर्क में भी खानापूर्ति
कायाकल्प अभियान में सरकार से राशि मिली तो ६ सडक़ो की प्लानिंग पर काम शुरु कर दिया, लेकिन शहर के अन्य क्षेत्रों में जहां सडक़ो की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है और गड्ढों के बीच उड़ती धूल और दचको से हर दिन रुबरु होते शहरवासियों की परेशानियों के बाद भी उन सडक़ो पर ध्यान नपा ने नहीं दिया और ना ही इनके लिए प्लानिंग की गई है। विडबंना तो यह है कि पिछले दिनों पेचवर्क का काम कराया गया, लेकिन उसमें भी खानापूर्ति की गई। शहर के कई क्षेत्रों में आंतरिक मार्ग अब भी अपने कायाकल्प की बाट जोह रहे है। लेकिन वहां तक नपा की निगाहें ही नहीं पहुंच रही है। वहीं कुछ जगहों की सडक़ो के लिए नपा ने प्रक्रिया शुरु भी की लेकिन नपा के दफ्तर में धीमी रफ्तार इन पर भारी पड़ रही है।
अन्य निर्माण कार्यों के भी हो रहे टेंडर जारी
कायाकल्प अभियान में ६ सडक़ो के लिए टेंडर जारी हुए है। ३ करोड़ रुपए शासन ने दिए है तो १.४५ करोड़ रुपए की राशि नपा वहन करेगी। तय समय सीमा में प्रक्रिया के साथ निर्माण कार्य भी शुरु करवाया जाएगा। इसके अलावा ८ करोड़ रुपए के शहर के विभिन्न वार्डों के सीसी, डामरीकरण से लेकर नाली सहित अन्य निर्माण कार्यों के टेंडर जारी हो रहे है तो पूरे शहर की सडक़ों का पेचवर्क कराया है। जहां बचा है वहां भी कराएंगे। -निर्मला नरेश चंदवानी, सभापति, लोनिवि
टेंडर जारी किए है
कायाकल्प अभियान में शहर की ६ सडक़ो के लिए टेंडर जारी किए गए है। ३१ मार्च तक अनुबंध व वर्कऑर्डर तक की प्रक्रिया हो जाएगी। शासन के निर्देश व मापदंड के अनुसार ही सडक़ो का चिन्हित कर प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। -पीएस धार्वें, कार्यपालन यंत्री, नपा