
भारी भरकम राशि के आए बिलों ने उपभोक्ताओं की जेब पर डाला भारा
मंदसौर.सिलेंडर से लेकर ईधन के बढ़ते दामों के बीच महंगाई पहले ही आसमान छू रही है और इस बीच बिजली बिलों की राशि ने भी इसमें तडक़ा लगा दिया है। उपभोक्ताओं को तीन से चार गुना से भी अधिक राशि के बिल इस बार आए तो आक्रोश भी बढ़ गया। इसे लेकर रैलियां निकालकर विरोध किया तो कंपनी कार्यालय का घेराव तक हो चुका है लेकिन बिलों की राशि यथावत है। अभिनंदन क्षेत्र में पिछले दिनों स्मार्ट मीटर लगे। इसके बाद बिल आए तो वह दो नहीं तीन से चार गुना से भी अधिक आए। ऐसे में उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगते ही अधिक राशि के बिल आ रहे है।
वहीं जिन उपभोक्ताओं ने सोलर पैनल लगाए उनके भी हजारों के बिल पहुंचे तो वह भी अचंभित है। आम उपभोक्ताओं का कहना है कि सोलर लगा है तो इतना बिल क्यों आ रहा है। उपभोक्ताओं में भले ही आक्रोश है लेकिन कंपनी के अफसरों का दावा है कि खपत के अनुसार ही बिल जारी हुए है। ऐसे में इन दिनों कंपनी कार्यालय पर बिल भरने से ज्यादा अधिक राशि के आ रहे बिलों को लेकर उपभोक्ता पहुंच रहे है। हालांकि वहां से निराशा ही हाथ लग रही है।
शहर में स्मार्ट मीटर लगने के बाद लंबे समय से जारी है। अभिनंदन क्षेत्र में एक माह में स्मार्ट मीटर लगे है। उसके बाद बिल आए तो वह अधिक राशि के आए है। गर्मी के दिनों में खपत भी बढ़ी और बिलों की राशि भी। ऐसे में उपभोक्ता अधिक राशि के बिलों को स्मार्ट मीटर से जोडकऱ देख रहे है। इसे लेकर आक्रोश के साथ प्रदर्शन भी हो चुके है लेकिन उपभोक्ताओं को राहत कही से नहीं मिली है।
सोलर के फेर में उलझे उपभोक्ता
आम तोर पर उपभोक्ताओं ने सोलर इस सोच के साथ लगाया कि बिजली बिलों से राहत मिलेगी। लेकिन सोलर लगाने के बाद भी इस बार हजारों में बिल आया तो उपभोक्ता में हेरत में है कि फिर सोलर लगाने से फायदा क्या। शहर में ऐसे कई उपभोक्ता है जो कंपनी कार्यालय भी पहुंचे जिनके यहां सोलर लगा होने के बाद भी हजारों में मिल आया है। हालांकि यह जवाब दिया कि दो माह का है फिर भी उत्पादन और खपत में अंतर के बाद अधिक राशि के बिल आने पर उपभोक्ताओं की समझ से यह बाहर हो रहा है। सोलर लगाने के समय उपभोक्ताओं को यह कहा जाता है कि खपत से अधिक उत्पादन होने पर यूनिट बिजली कंपनी खरीदेगी। ऐसा तो नहीं हो रहा उल्टा अधिक राशि के बिल आ गए है।
सोलर लगाने वाले उपभोक्ताओं बोले
-रामटेकरी निवासी हेमंत शर्मा ने बताया कि उनके यहां दो साल से सोलर पैनल लगा हुआ है। 500 से 700 रुपए तक का बिल आता था लेकिन इस बार 2 हजार से अधिक का बिल आया है।
-अभिनंदन के शांतुन विहार कॉलोनी के रहवासी ब्रह्मस्वरूप गौड़ ने बातया कि उनके यहां सोलर लगा होने के बाद भी 5 हजार से अधिक का बिल आया है। 1070 यूनिट के अनुसार बिल आया है और सोलर से उत्पादन 1200 यूनिट हुआ है।
-मनीष मित्तल ने बताया कि उनके यहां 8 किलोवाट का सोलर पैनल लगा हुआ है और उनके पास 22 हजार रुपए का बिल आया है। जब देखा तो वह दो माह का बिल था। लेकिन सोलर लगा होने के बाद भी एक माह में 12 हजार का बिल आया वह समझ से परे है।
फिक्सचार्ज लगता है
स्मार्ट मीटर के उपभोक्ताओं के कई फायदे है। ऊर्जस एप पर हर उपभोक्ता अपने प्रतिदिन की खपत और अन्य जानकारी देख सकता है। स्मार्ट मीटर को लेकर जरूरत जागरूकता के साथ उसके उपयोग की है। सोलर उपभोक्ताओं को जितना उत्पादन हो रहा है उतना उपयोग करना होता है। इसके अलावा फिक्सचार्ज भी लगता है। उसी अनुसार बिल आ रहा है। गर्मी में खपत अधिक होती है। उसी अनुसार उपभोक्ताओं के बिजली के बिल जारी हुए है। -योगेश अठाने, अधीक्षण यंत्री, विद्युत वितरण कंपनी, मंदसौर
Updated on:
09 Jun 2026 11:18 am
Published on:
09 Jun 2026 11:18 am
