21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

बेटी के साथ सो रही महिला को सांप ने डसा, मंदसौर में मरे सांप को लेकर अस्पताल पहुंचा पति

Snake Bite While Sleeping: महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, एंटी वेनम लगाने के बाद इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
2 min read
Google source verification
MANDSAUR

snake bite woman bitten while sleeping husband took dead snake to hospital, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर

Mandsaur Snake Bite: मध्यप्रदेश के मंदसौर में घर में बेटी के साथ सो रही महिला को सांप ने डस लिया। सांप के डसते ही महिला को किसी चीज के चुभने का एहसास हुआ तो उसने कमरे की लाइट जलाई। लाइट जलाते ही बिस्तर के पास सांप देख महिला ने पति को आवाज दी और कमरे में पहुंचे पति ने सांप को लकड़ी से मार दिया। मरे हुए सांप को प्लास्टिक की थैली में लेकर पत्नी के साथ अस्पताल पहुंचा पति। महिला अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज।

सोते वक्त महिला को सांप ने डसा

मंदसौर जिले के फतेहगढ़ गांव में रहने बलदेव धाकड़ की पत्नी किरण धाकड़ (30) को सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात घर में सोते वक्त सांप ने डस लिया। किरण अपनी पांच साल की बेटी के साथ जमीन पर बिस्तर बिछाकर सो रही थी। देर रात उसे किसी नुकीली चीज के चुभने का एहसास हुआ। पहले तो किरण ने इसे नजरअंदाज कर दिया लेकिन कुछ ही देर में उसके हाथ में तेज दर्द होने लगा। उसने उठकर कमरे की लाइट जलाई तो बिस्तर के पास सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही किरण ने आवाज देकर दूसरे कमरे में सो रहे पति बलदेव को बुलाया। कमरे में पहुंचते ही बलदेव ने सांप को देखते ही लकड़ी से मार डाला।

मरे सांप को लेकर अस्पताल पहुंचा

पति बलदेव ने मरे हुए सांप को एक प्लास्टिक की थैली में रखा और घायल पत्नी किरण के साथ अस्पताल पहुंचा। उसने अस्पताल में डॉक्टरों को पूरी घटना बताई और मरा हुआ सांप दिखाया। अस्पताल में डॉक्टर्स ने तुरंत किरण को एंटी वेनम लगाकर उसका इलाज शुरू किया। फिलहाल किरण को इमरजेंसी वार्ड में रखा गया है और डॉक्टर उसकी निगरानी कर रहे हैं। पति बलदेव का कहना है कि वह मरे हुए सांप को इसलिए अस्पताल लेकर आए थे ताकि डॉक्टर देख सकें कि किस तरह के सांप ने किरण को काटा है और उसे तुरंत सही इलाज मिल सके।

बारिश के सीजन में बढ़ जाता है सांपों का खतरा

बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और बारिश के साथ ही सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।
सांप काटने पर क्या करें?

काटे गए अंग को जितना संभव हो स्थिर रखें।

  • तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचें।
  • झाड़-फूंक, चीरा लगाने या जहर चूसने जैसी गलत विधियों से बचें।
  • यदि संभव हो तो सांप की पहचान करने की कोशिश करें, लेकिन उसे पकड़ने का प्रयास न करें।