
gave success tips
मेरठ। इन दिनों यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की परीक्षाएं चल रही हैं। परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं की तैयारी में कोई विघ्न न डाले, इसके लिए पुलिस ने व्यवस्था की है। दरअसल, पुलिस ने परीक्षा की तैयारी के दौरान डीजे, लाउडस्पीकर आदि से शोर मचाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया है। जनपद में अभी तक ऐसे 35 मामले सामने आए हैं, जब परीक्षार्थियों को तैयारी के समय पुलिस की जरूरत महसूस हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ध्वनि प्रदूषण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
इस संबंध में आईजी रेंज प्रवीण कुमार ने जोन के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि उनके इलाके में मानक से ज्यादा डीजे, लाउडस्पीकर से ध्वनि प्रदूषण होता है तो वे इन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। परीक्षार्थियों से भी कहा गया है कि यदि परीक्षा की तैयारियों के दौरान शोर से नहीं पढ़ पा रहे हैं तो तुरंत डायल 112 कीजिए, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
आईजी प्रवीण कुमार ने रेंज के पांचों जनपदों में ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के निर्देश पुलिस को दिए हैं। इस समय शादी का सीजन चल रहा है और परीक्षाएं भी चल रही हैं तो शोर करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश आईजी ने दिए हैं। साथ ही ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को कहा गया है। यातायात पुलिस भी मौके पर पहुंचकर शोर की शिकायत होने पर इसे नापेगी। इन्हें डेसीबल मीटर मुहैया कराए गए हैं। खास तौर पर परीक्षा के दौरान विवाह मंडप व अन्य स्थानों पर डीजे आदि बजाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
Published on:
24 Feb 2020 12:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
