थाना बिनौली क्षेत्र के गांव बिजवाड़ा निवासी ओमपाल ने बताया कि उनका पोता शिवम पुत्र बिट्टू बीकाॅम द्वितीय वर्ष का छात्र था। रविवार दोपहर के समय शिवम घर में ही था, उसे किसी ने फोन कर बुलाया था। वह मोबाइल को चार्जिंग पर लगाकर घर से चला गया। इसके बाद करीब 4.30 बजे उसका गोली लगा शव बिजवाड़ा-बाइपास पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने पर परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। वारदात की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष देवेन्द्र बिष्ट पुलिस टीम के साथ पहुंचे और मौके का मुआयना किया। उन्होंने यहां लोगों से भी काफी पूछताछ की। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दादा ओमपाल ने अज्ञात के खिलाप तहरीर देते हुए हत्या में मुकदमा दर्ज कराया है।