
Acid Attack: मेरठ के अति सुरक्षा वाले इलाके में बाइक सवार युवकों ने युवती पर फेंका तेजाब, देखें वीडियो
मेरठ। कोर्ट के आदेश के बाद भी तेजाब की बिक्री पर प्रतिबंध नहीं लग रहा है। जिस कारण इसका प्रयोग भी अपराधी धड़ल्ले से हो रहा है। सरकार और स्थानीय प्रशासन के दावों की पोल मेरठ में उस समय खुल गई जब एक युवती पर बाइक सवार कुछ युवकों ने तेजाब फेंक दिया। तेजाब से युवती का चेहरा और शरीर का बाकी हिस्सा झुलस गया। वह तीस प्रतिशत झुलसी हालत में अस्पताल में भर्ती कराई गई है। तेजाब फेंकने की इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवती काफी देर तक सड़क पर चिल्लाती रही, लेकिन कोई उसकी मदद को नहीं आया। काफी देर बाद घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर वहां पर एकत्र ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
अति सुरक्षा के दायरे में है हवार्इ पट्टी क्षेत्र
घटना मेरठ के थाना परतापुर क्षेत्र के हवाई पट्टी के पास की है। यहां की रहने वाली शिवानी त्यागी नाम की युवती शॉप्रिक्स मॉल में काम करती है। वह शाम को काम करके वापस घर लौट रही थी। पीड़ित युवती शिवानी पिछले करीब डेढ़ महीने से शाप्रिक्स माॅल में नौकरी कर रही है। गुरूवार की रात जब वह घर लौट रही थी तभी कुछ बाइक सवार हमलावर उसके पास आए और उस पर तेजाब डालकर फरार हो गए। तेजाब डालने से महिला का चेहरा बुरी तरह झुलस गया है। तेजाब उसके कपड़ों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गिरा। जिससे वह तीस प्रतिशत झुलस गई। हालांकि हमलावर कौन थे और इनकी क्या कोई पुरानी रंजिश है इस का अभी तक कोई पता नहीं लग पाया है, लेकिन पुलिस इस मामले को जल्द ही खोलने का दावा कर रही है। वहीं परतापुर में हवाई पट्टी जैसे अति सुरक्षा वाले क्षेत्र में ऐसी वारदात होने से पुलिस सुरक्षा की पोल खुल गई। हवाई पट्टी पर पुलिस की एक जीप हमेशा खड़ी रहती है। लेकिन इस घटना के समय कोई पुलिस कर्मी या पुलिस जीप मौजूद नहीं थी। इस बारे में एसपी सिटी ने बताया कि तेजाब फेंकने वालों की पहचान के लिए टीम लगाई गई है। पीड़ित युवती से भी पूछताछ की जा रही है।
Published on:
23 Nov 2018, 11:54 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.