
मेरठ. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ की मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल की क्षमता वृद्धि (नए प्लांट) का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने मेरठ के लिए कई उपहार देने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि एयर कनेक्टिवीटी से मेरठ को जोड़ा गया है। इससे समय बचेगा। इसके साथ ही मेट्रो और रैपिड रेल के मेरठ आने की बात भी योगी ने कही। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में नोएडा और लखनऊ में पहले से ही मेट्रो ट्रेन दौड़ रही है। इसके साथ ही गाजियाबाद को जोड़ने का काम भी चल रहा है। वहीं, नोएडा से ग्रेटर नोएडा मेट्रो लाइन का फरवरी माह से टेस्ट रन शुरू हो जाएगा, जिस पर अप्रैल से सेवा शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
शहीद जवानों के परिजनों को मिलेगा 50 लाख रुपए
हाल ही में शामली एनकाउंटर में शहीद सिपाही अंकित तोमर को श्रद्धांजलि देते हुए सीएम योगी ने कहा कि पुलिस के जवान अपराधियों से लड़ रहे हैं। हम प्रदेश को अपराधियों से मुक्त करके ही दम लेंगे। पुलिस के बहादुर जवानों ने अपराधी को मार गिराया, हम वीर पुलिस के जवान को सलाम करते हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में अपराधियों का कोई स्थान नहीं है। वीर जवानों को यूपी सरकार सम्मान देगी। उन्होंने कहा कि शहीद सिपाही को मिलने वाली सहायता राशि को दोगुनी करके 50 लाख किया जाएगा। उन्होंने शहीदों के परिवारों को सम्मान करने की बात भी कही। पुलिस का मनोबल बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस ने अच्छा कार्य किया है। योगी ने साफ कहा कि छेड़छाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा पुलिस को पूरी छूट है कि छेड़छाड़ करने वालों को उनकी सही जगह पहुंचा दें?
24 घंटे बिजली देने का किया वादा
बिजली आपूर्ति के संबंध में सीएम ने कहा कि उनका लक्ष्य 24 घंटे बिजली देने का है। जहां पर लाइन लॉस कम होगा, वहां पर आपूर्ति ज्यादा मिलेगी। उन्होंने कहा कि 10 फीसदी से लाइन लॉस कम इलाके में 24 घंटे बिजली दी जाएगी। उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा डार्क जोन के प्रतीक हैं। योगी ने कहा कि यूपी के किसानों को नलकूप कनेक्शन भी दिया जाएगा। उन्होंने गन्ना किसानों के भुगतान के संबंध में कहा कि पिछला गन्ना भुगतान हो चुका है। इस साल का 7500 करोड़ का गन्ना भुगतान हो चुका है। यह पहली बार हुआ है। उन्होने यह भी कहा कि आलू किसानों का भुगतान कराया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर आलू का समर्थन मूल्य बढ़ाया जाएगा।
कई किलोमीटर तक लगा जाम
सीएम के कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय राज मार्ग 58 पर भीषण जाम लग गया। जाम के चलते वाहन सड़क पर रैंगते नज़र आए । इस दौरान मोदीनगर से लेकर मेरठ तक भीषण जाम देखने को मिला, लेकिन पुलिस पूरी तरह से नदारत थी।
Published on:
06 Jan 2018 06:48 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
