
UP के इस जिले में दलित युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या, देखें वीडियो-
बागपत. बागपत जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र में एक दलित युवक की हत्या का मामला सामने आया है। बता दें कि दलित युवक का शव शराब के ठेके के पास मिला है। चिकित्सकों के मुताबिक, युवक के शरीर पर चोट के निशान हैं। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या की गई। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
दरअसल, मामला खेकड़ा थाना क्षेत्र के रटोल चौकी कस्बे का है। जहां मंगलवार सुबह एक युवक शराब के नशे में शराब के ठेके के पास पड़ा मिला है। सूचना पर परिजन उसे अपने घर ले गए और डॉक्टर को दिखाया, लेकिन डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक का नाम अनिल पुत्र हरिसिंह बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है बीती शाम सोमवार को अनिल अपने कुछ साथियों के साथ गया था। स्थानीय डॉक्टर का कहना है कि युवक को बुरी तरह से पीटा गया है। उसके शरीर पर जख्मों के निशान हैं। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी शिव प्रकाश का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। क्योंकि युवक ज्यादा शराब पीता था। इस मामले को लेकर भी जांच की जा रही है।
Published on:
13 Nov 2018, 11:26 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.