
हत्या के बाद बोरे में भरी लाश और कुएं में फेंका। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज
Decomposed Body Found in Sack: उत्तर प्रदेश के मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव अतराडा में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। गांव के जंगल में स्थित एक बंद पड़े करीब 20 फीट गहरे कुएं से एक बोरे में बंद सड़ी-गली अवस्था में एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, गांव अतराडा के जंगल में गैस एजेंसी के पीछे स्थित श्रीनिवास के खेत पर मंगलवार सुबह कुछ मजदूर गेहूं की फसल काटने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें आसपास से तेज दुर्गंध महसूस हुई। बदबू के स्रोत का पता लगाने के लिए जब उन्होंने आसपास तलाश की, तो पास ही स्थित एक पुराने और बंद पड़े कुएं के पास प्लास्टिक के बोरे के आसपास कीड़े रेंगते नजर आए।
मजदूरों ने तुरंत इस बात की सूचना गांव के अन्य लोगों को दी, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं से बोरे को बाहर निकाला गया। जब बोरे को खोला गया, तो उसमें करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव सड़ी-गली हालत में मिला।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, शव करीब 10 से 12 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक ने लाल रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहन रखा था। शव का चेहरा पूरी तरह गल चुका है, जिसके कारण उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। साथ ही आसपास के जिलों की पुलिस को भी सूचना दे दी गई है, ताकि गुमशुदगी के मामलों से मिलान कर पहचान सुनिश्चित की जा सके।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर शव मिला है, वह किठौर-हापुड़ मार्ग से करीब एक किलोमीटर अंदर जंगल में स्थित है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी वाहन से शव को बोरे में भरकर यहां लाए और उसे कुएं में फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। अंदेशा है कि युवक की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरे में बंद कर कुएं में डाल दिया गया। हालांकि, मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के परिजन लापता हैं तो वे तुरंत सूचना दें, ताकि पहचान में मदद मिल सके।
संबंधित विषय:
Updated on:
22 Apr 2026 11:47 am
Published on:
22 Apr 2026 11:46 am
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
