मेरठ। मेरठ की किनौनी शुगर मिल की डिस्टलरी में आग लग गई। आग पर जब तक शुगर मिल के कर्मचारी काबू पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। डिस्टलरी में आग लगने के समय करीब तीस मजदूर और कर्मचारी काम कर रहे थे। आग के कारण वे भी भीतर ही फंसे रह गए। जिनको निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। जब तक मेरठ से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचती, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और वह डिस्टरी के पास ही बने कैमिकल के टैंकों तक पहुंच चुकी थी। आग की चपेट में शीरे के टैंक भी आ गए। जिनमें से तीन ने आग पकड़ ली है। अग्नि शमन विभाग से आग काबू में न होती देख मेरठ प्रशासन ने सेना से मदद मांगी है। आग में झुलसने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई है। बाकी अन्य झुलसे मजदूरों को मेरठ प्राइवेट अस्पताल में रेफर किया गया है। मेरठ जिलाधिकारी अनिल ढीगरा मौके पर पहुंचे और उन्होंने आग पर काबू पाने के जरूरी निर्देश दिए। उनके साथ एसएसपी मेरठ राजेश कुमार पांडे भी थे। पुलिस बल ने आसपास के इलाके को खाली करवाया है। इसके अतिरिक्त मिल की ओर जाने वाले सभी रास्तों को आम लोगों के लिए रोक दिया गया है।